उत्तराखंडः नवाचार विचार से आप भी बन सकते हैं बिजनेस मैन, जानिए इसकी पूरी जानकारी यहां
किसी भी समस्या का समाधान करने के लिए आपके पास नवाचार विचार (इनोवेशन आइडिया) है तो आप भी स्टार्ट अप के जरिये बड़े बिजनेस मैन बन सकते हैं। ऐसे आइडिया खोजने के लिए प्रदेश में जल्द ही स्टार्ट अप यात्रा निकाली जाएगी। जिसके तहत प्रत्येक जिले में दो शिविर लगाकर इनोवेशन आइडिया का चयन किया जाएगा। उद्योग विभाग ने स्टार्ट अप यात्रा के लिए तैयारियां शुरू कर दी है।
प्रदेश के सरकारी और निजी कालेजों में पढ़ने वाले छात्रों के बीच जाकर इनोवेशन आइडिया खोजने के लिए उद्योग विभाग सितंबर माह में स्टार्ट अप यात्रा निकालने की तैयारी की रहा है। यात्रा के लिए प्रत्येक जिले में कालेजों को चयनित किया जाएगा। जहां से स्टार्टअप यात्रा निकलेगी। यात्रा के दौरान जिले स्तर पर बूट कैंप आयोजित होंगे। जिसमें आम लोगों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए छात्रों से आइडिया लिए जाएंगे।
बेहतर आइडिया को बिजनेस का रूप देने के लिए सरकार स्टार्ट अप के जरिये प्रोत्साहन देगी। आईआईटी रुड़की, ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी, उत्तराखंड पेट्रोलियम यूनिवर्सिटी व पीएचडी चेंबर ऑफ कामर्स को स्टार्ट अप यात्रा के लिए कालेजों का चयन करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रत्येक जिले से आइडिया चयनित करने के बाद देहरादून में ग्रैंड फिनाले होगा। जिसमें टॉप-10 आइडिया को सरकार पुरस्कार देगी।
मान्यता प्राप्त स्टार्ट अप को मिलेगी ये सुविधाएं
मान्यता प्राप्त स्टार्ट अप को ‘ए’ श्रेणी के जिलों में व्यवसाय स्थापित करने के लिए मासिक भत्ता मिलेगा। जिसमें सामान्य वर्ग को 10 हजार, एससी, एसटी, महिला, दिव्यांग वर्ग को 15 हजार (प्रति स्टार्ट अप) मासिक भत्ता एक साल तक दिया जाएगा। इसके साथ ही नए उत्पाद की मार्केटिंग के लिए सामान्य वर्ग के स्टार्ट अप को 5 लाख और एससी, एसटी व महिला वर्ग को 7.5 लाख तक की सहायता सरकार देगी। एमएसएमई नीति के अनुसार स्टांप ड्यूटी में भी छूट मिलेगी। स्टार्ट अप उद्यमी की ओर से प्रदेश के भीतर ही माल की आपूर्ति करने पर एसजीएसटी की प्रतिपूर्ति की जाएगी। मान्यता प्राप्त इन्क्यूबेटरों को तीन साल की अवधि तक संचालन एवं प्रबंधन खर्च के रूप में दो लाख प्रति वर्ष दिया जाएगा।
स्टार्ट अप को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश में यात्रा निकाल कर इनोवेशन आइडिया का चयन किया जाएगा। इससे छात्रों को भी अपने आइडिया रखने का मौका मिलेगा। प्रदेश भर से टॉप-10 आइडिया का चयन किया जाएगा। ऐसे आइडिया को बिजनेस के रूप में स्थापित करने के लिए सरकार की तरफ प्रोत्साहन दिया जा रहा है। - सुधीर चंद्र नौटियाल, निदेशक, उद्योग विभाग