स्वाइन फ्लू से देहरादून में एक और मौत, 10 दिन में तीन मरीजों की जा चुकी है जान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
स्वाइन फ्लू से राजधानी देहरादून में एक और मरीज की मौत हो गई है। पिछले 10 दिनों के भीतर स्वाइन फ्लू से मरने वालों की संख्या तीन तक पहुंच गई है। वहीं, पांच मरीजों का राजधानी के अलग-अलग निजी अस्पतालों में उपचार चल रहा है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, विकासनगर निवासी 41 वर्षीय मरीज को शुक्रवार शाम पटेलनगर स्थित श्री महंत इंदिरेश अस्पताल में भर्ती कराया गया था। स्वाइन फ्लू के लक्षण मिलने के बाद मरीज के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए। शनिवार को उपचार के दौरान मरीज ने दम तोड़ दिया।
जांच रिपोर्ट में मरीज को स्वाइन फ्लू होने की पुष्टि हुई। सीएमओ डा. एसके गुप्ता ने बताया कि बृहस्पतिवार रात हरिद्वार निवासी 41 वर्षीय महिला मरीज की भी श्री महंत इंदिरेश अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हुई थी। वहीं, मैक्स अस्पताल में तीन जनवरी को एक मरीज की मौत हुई थी।
सैंपलों की जांच में दोनों मरीजों को स्वाइन फ्लू होने की पुष्टि हुई थी। उन्होंने बताया कि अभी पांच मरीजों का उपचार चल रहा है। श्री महंत इंदिरेश अस्पताल में तीन और मैक्स व सिनर्जी अस्पताल में एक-एक मरीज भर्ती हैं। उन्होंने बताया कि सभी मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हो चुकी है। इसके अनुसार ही चिकित्सक उनका उपचार कर रहे हैं।
राजधानी में स्वाइन फ्लू की जांच की सुविधा उपलब्ध
स्वाइन फ्लू की जांच अब श्री महंत इंदिरेश अस्पताल में भी कराई जा सकती है। अस्पताल की मॉलिक्यूर लैब में सैंपलों की जांच की शुरू हो गई है। छह से आठ घंटे में रिपोर्ट प्राप्त की जा सकती है।
शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में इंदिरेश अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डा. विनय राय ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में स्वाइन फ्लू के कई मामले सामने आए हैं। संदिग्ध मामलों के सैंपल जांच के लिए दिल्ली भेजे जा रहे थे। वहां से रिपोर्ट मिलने में कई दिन लग जाते हैं। कई बार रिपोर्ट पहुंचने से पहले ही मरीज की मौत हो जाती है। जबकि स्वाइन फ्लू के लिए समय से उपचार बहुत जरूरी होता है। मरीजों की इसी परेशानी को देखते हुए श्री महंत इंदिरेश अस्पताल में स्वाइन फ्लू की जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
डा. विनय राय ने बतया कि स्वाइन फ्लू के लक्षण दिखते ही तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें। मौके पर मेडिसिन विभाग के डा. जगदीश रावत, डा. नरोत्तम शर्मा, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी भूपेंद्र रतूड़ी आदि मौजूद रहे।