दिवाली के बाद दून के दफ्तरों में उमड़ी भीड़
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिवाली की छुट्टियों के बाद सोमवार को राजधानी देहरादून के दफ्तरों में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। जहां एक तरफ दून अस्पताल में अधिक संख्या में मरीज पहुंचे, वहीं बैंक में कैश डिपॉजिट कराने वाले ग्राहकों की भीड़ लगी रही।
सोमवार को दून अस्पताल में मरीजों की भीड़ और धक्का मुक्की के आगे अस्पताल प्रबंधन की व्यवस्थाएं बौनी साबित होती नजर आई। ओपीडी का समय पूरा होने तक मरीजों में धक्का मुक्की होती रही। सोमवार को ओपीडी में आए मरीजों की संख्या साढ़े चार हजार को पार कर गई।
सुबह 5:30 बजे, रजिस्ट्रेशन काउंटर
ओपीडी का समय शुरू होने से आधा घंटे पहले ही साढ़े सात बजे से अस्पताल के रजिस्ट्रेशन काउंटर पर पर्चा बनाने के लिए मरीजों की भीड़ लगने लगी। लाइन में पहले आने के लिए मरीज धक्का मुक्की करते नजर आए। आठ बजे काउंटर खुलने पर मरीजों के पर्चे बनने शुरू हुए।
सुबह 10 बजे, रजिस्ट्रेशन काउंटर
रजिस्ट्रेशन काउंटर पर मरीजों ने धीमी गति से पर्चा काटने पर हंगामा कर दिया। मरीजों का कहना था कि रजिस्ट्रेशन के लिए चारों काउंटर लगातार खुले रहने चाहिए। लेकिन बीच-बीच में एक काउंटर को बंद किए जाने से मरीजों का सब्र जवाब देने लगा।
सुबह 11 बजे, ओपीडी
बिल्डिंग में गैलरी की तरफ बनी डॉक्टरों की ओपीडी के बाहर भीड़ में खासकर बुजुर्ग और महिला मरीजों को जाने के लिए दिक्कतों का सामना करना पड़ा। गैलरी में खड़ा होने के लिए मरीज जद्दोजहद करते नजर आए। बीच-बीच में अस्पताल के सुरक्षाकर्मियों को व्यवस्थाएं बनाने के लिए हस्तक्षेप करना पड़ा।
दोपहर 12 बजे, दवा काउंटर
अस्पताल के तीनों दवा काउंटर पर लंबी कतार लगी हुई है। सीनियर सिटीजन और महिलाओं के लिए बने काउंटर को लेकर कुछ मरीजों ने हंगामा कर दिया। बुजुर्ग मरीजों का कहना था कि महिलाओं और बुजुर्गों के लिए बने काउंटर में दूसरे लोग भी घुस जा रहे हैं। अस्पताल प्रबंधन को भीड़ को संभालना मुश्किल हो रहा था।
दोपहर एक बजे, पैथोलॉजी जांच केंद्र
पैथोलॉजी जांच केंद्र के बाहर मरीजों की लाइन ओपीडी की लाइन के साथ मिल गई। यहां भी मरीजों की खूब फजीहत हुई। डेढ़ बजे बाद पैथोलॉजी केंद्र ने विभिन्न तरह की पैथोलॉजी जांच के लिए पर्चे लेने बंद कर दिए। इसका कुछ मरीजों ने विरोध भी किया।
और कई मरीज मायूस लौटे
दोपहर दो बजे बाद भी कुछ डॉक्टरों की ओपीडी के बाहर मरीजों की भीड़ नजर आई। दवा काउंटर पर भी ढाई बजे तक मरीजों की भीड़ देखी गई। ऐसे में कई मरीज बिना डॉक्टर को दिखाए लौटे तो कुछ को दवा नहीं मिल पाई।
‘कई दिन की छुट्टी के बाद ओपीडी पूरे समय खुली। सोमवार को करीब साढ़े चार हजार मरीज ओपीडी में पहुंचे। रजिस्ट्रेशन के लिए चारों काउंटर को खोला गया था। जबकि दवा के तीन काउंटर पर नौ कर्मचारी तैनात किए गए थे। जिन मरीजों के पर्चे जमा थे, उन सभी का चेकअप कर दवाएं दी गईं।’
- डॉ. आरएस असवाल, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक
दलाल आए, लेखपाल गायब
दीपावली के बाद तहसील में लेखपाल और कानूनगो गायब रहे। छुट्टी के बाद पहले कार्य दिवस पर वे त्योहार की खुमारी उतारते रहे। इस वजह से लोगों को बहुत परेशानी हुई। कक्ष में जब लेखपाल न मिले तो लोगों ने कार्यवाहक तहसीलदार मनवर सिंह कंडारी से शिकायत की।
सोमवार को लंबी छुट्टी के बाद तहसील खुली थी। कुछ ही देर के बाद लेखपाल और कानूनगो कक्ष में दलाल आ गए। इसके बाद फरियादियों की भीड़ बढ़ने लगी।
चूना भट्ठा से छह महिलाओं के साथ आईं रजनी ने बताया कि उन्हें समाज कल्याण की योजना के कागजात पर दस्तखत करवाने हैं। लेकिन लेखपाल नहीं मिल रहे।
इसी तरह कुछ लोग बेटियों के लिए प्रगति योजना के कागजात पर दस्तखत करवाने के लिए घूमते रहे। कुछ सीटों पर लेखपालों के प्राइवेट सहायक काम करते रहे। इस संबंध में कार्यवाहक तहसीलदार कंडारी ने कहा कि अभी लोग नहीं आए हैं। मंगलवार को सभी लेखपाल रहेंगे।
त्योहारी छुट्टी के बाद बैंकों में रौनक
त्योहारी छुट्टियों के बाद सोमवार को राजधानी के बैंक एक बार फिर खुल गए। ग्राहकों की आमद-ओ-रफ्त आम दिनों से ज्यादा रही। इन ग्राहकों में सर्वाधिक कैश डिपॉजिट कराने वाले रहे। सबसे ज्यादा भीड़ इसी काउंटर पर रही।
भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के शाखा प्रबंधक रमेश कुमार के मुताबिक छुट्टी की वजह से ग्राहकों के नगदी से जुड़े कई काम अटके हुए थे, जिस कारण सोमवार को अपेक्षाकृत अधिक ग्राहक बैंक पहुंचे। पंजाब नेशनल बैंक पटेलनगर शाखा के आरडी डोभाल के अनुसार छुट्टी के बाद ग्राहक अच्छी संख्या में बैंक पहुंचे।
बैंक में कैश डिपॉजिट मशीन लगी है। इस वजह से यहां ग्राहक को बहुत देर रुकने की जरूरत नहीं रह गई है। हालांकि छुट्टी के बाद भी एटीएम की स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया।
पटेलनगर स्थित यूनियन बैंक, एसबीआई के एटीएम ने सोमवार को भी नगदी नहीं उगली। इस वजह से ग्राहकों को शहर के अन्यत्र स्थानों का रुख करना पड़ा।