कांग्रेसी नेता का रोंगटे खड़े करने वाला वीडियो
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रामनगर में एनएसयूआई कॉलेज अध्यक्ष ललित पांडे उर्फ रोहित के आत्मदाह का लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। गुरुवार को फेसबुक और वॉट्सएप पर लाखों लोगों ने वीडियो देखा। वीडियो खौफनाक है, जिसमें ललित आग की लपटों में घिरा है। टंकी पर चढ़े ललित के कपड़ों में आग कैसे और किसने लगाई वीडियो में ऐसा कुछ नहीं दिख रहा है।
ललित अपने कुछ साथियों के साथ पानी की टंकी में चढ़ा है। टंकी के नीचे खड़े दर्जनों लोग ललित और उसके साथियों की तरफ देख रहे हैं। कुछ लोग नीचे से मोबाइल से इस घटनाक्रम का वीडियो बना रहे हैं। टंकी पर चढ़ा युवक सफेद बास्केट पहना दिख रहा है।
इसी बीच ललित आग की लपटों में घिरा टंकी के पीछे से अचानक दौड़कर आगे आता है। सफेद बास्केट पहने युवक को धक्का मारकर ललित चिल्लाते हुए टंकी के दूसरे कोने तक दौड़ता है।
इसी बीच टंकी में तीन युवक दिखाई पड़ते हैं। ललित खुद को बचाने के लिए युवकों के पास जा रहा है। ललित को देखकर युवक भाग रहे हैं। असहाय ललित आग की लपटों में घिरा टंकी में लेट रहा है। इसके बाद तीनों युवक अपनी बास्केट उतारकर आग बुझाने का प्रयास कर रहे हैं। आग नहीं बुझने पर टंकी के नीचे से फायरब्रिगेड से पानी की धार चलती है।
12 के खिलाफ मुकदमा, देखें घटना का वीडियो
ललित पांडे उर्फ रोहित के आत्मदाह प्रकरण में अब तक पुलिस ने 12 लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमे दर्ज कर लिए हैं। घटना में शामिल अन्य लोगों को भी चिह्नित किया जा रहा है। मंगलवार को दर्ज मुकदमे में 8 अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं।
रामनगर कांड में अब 12 लोग नामजद हो चुके हैं। हालांकि इन लोगों के नाम अभी पुलिस नहीं बता रही है। बताया जा रहा है कि इनमें कुछ युकां और एनएसयूआई कार्यकर्ता भी शामिल हैं।
इनके लिए खिलाफ धारा 186 (सार्वजनिक कार्यक्रम में सरकारी कर्मचारी को अपमानित करना), 353 (सरकारी कार्य में बाधा), 307 (हत्या का प्रयास), 306 (आत्महत्या के लिए उकसाना), 309 (आत्महत्या का प्रयास) एवं 7 क्रिमिनल लॉ अमेंडमेंट एक्ट में मुकदमा किया गया था।
पुलिस वीडियो फुटेज और फोटो के आधार पर लोगों को चिन्हित कर रही है। इससे कांग्रेसियों, युकांइयों और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं में खलबली मची है। कई ने तो बड़े नेताओं और आकाओं की चौखट पर दस्तक भी दे दी है, जबकि कई नेता अंडरग्राउंड हो गए हैं।
कांग्रेसी ब्लॉक प्रमुख पर लगे आरोप
हाई-प्रोफाइल ललित आत्मदाह प्रकरण को लेकर कांग्रेस के ही कुछ लोगों ने अपनी ही पार्टी के ब्लॉक प्रमुख संजय नेगी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने घटना के लिए संजय नेगी को ही जिम्मेदार ठहराया है।
गुरुवार को एक निजी रेस्टोरेंट में आयोजित पत्रकार वार्ता में युकां एवं कांग्रेस से जुड़े लोगों ने ललित पांडे उर्फ रोहित के आत्मदाह का प्रयास करने के मामले में अपनी ही पार्टी के ब्लाक प्रमुख संजय नेगी और युकां विधानसभा अध्यक्ष दीप गुणवंत को जिम्मेदार ठहराया।
कांग्रेसियों ने ब्लॉक प्रमुख पर नगर में अवैध धंधों को संरक्षण देने का आरोप भी लगाया। कहा कि अवैध धंधों पर चोट पड़ने से बौखलाए ब्लाक प्रमुख ने युकांइयों और छात्रों को बरगलाकर पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोला, जिसके चलते नगर में यह दु:खद घटना हुई।
कांग्रेसियों ने कहा कि युवाओं की जान से खेलकर अपने अवैध धंधों को पुलिस कार्रवाई से बचाने के लिए ही खास रणनीति के तहत आत्मदाह की घोषणा करने वाले ब्लॉक प्रमुख के सहयोगी युकां नेता दीप गुणवंत ने ऐन वक्त पर अपने हाथ पीछे खींच लिए और ललित पांडे को आत्मदाह के लिए उकसाया।
साथ ही ललित को बचाने के लिए टंकी पर चढ़ रही पुलिस के रास्ते में भी अवरोध पैदा किया, जिससे कि इस प्रकरण का लाभ उठाते हुए नगर में पुलिस के खिलाफ माहौल तैयार किया जा सके।
कांग्रेसियों ने कहा कि जल्द ही इस मामले में स्थानीय कांग्रेसियों का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से मिलकर ब्लाक प्रमुख की और व पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच की मांग करेगा।
यह था पूरा मामला
चार नवंबर को कोतवाल को हटाने की मांग को लेकर युकां
विधानसभा अध्यक्ष दीप गुणवंत, एनएसयूआई महाविद्यालय अध्यक्ष ललित पांडे
उर्फ रोहित, तनुज दुर्गापाल और गोधन फर्त्याल पानी की टंकी पर चढ़ गए थे,
जहां ललित ने खुद पर केरोसिन डालकर आग लगा दी थी।
गंभीर हालत में
उसे दिल्ली स्थित सफदरजंग अस्पताल के बर्न विभाग में भर्ती कराया गया है।
एसएसपी विम्मी सचदेवा ने बताया कि मुकदमे में अब तक 12 लोगों के नाम सामने
आए हैं। बाकियों को भी चिह्नित किया जा रहा है। कानून व्यवस्था सामान्य
होते ही विवेचना को आगे बढ़ाते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
नगर में पुलिस बल तैनात है। पुलिस हर पहलू पर नजर रखे हुए है।
नए कोतवाल ने संभाला कार्यभार
शहर
में हुए बाइक अग्निकांड एवं आत्मदाह प्रकरण को लेकर उपजी आग में कोतवाल
राजकिशोर सिंह फर्स्वाण का स्थानांतरण कर दिया गया था। उनके स्थान पर
देहरादून से रामनगर कोतवाली में कैलाश पंवार ने गुरुवार को नए कोतवाल के
रूप में कार्यभार संभाल लिया है। पहले दिन उन्होंने शहर भर का मुआयना कर
मामले से जुड़ी कई जानकारियां ली।