उत्तराखंड: सीवरेज योजना को NGT ने दिया झटका
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड के सुस्त गति से चल रहे सीवरेज योजना के निर्माण कार्यों को एनजीटी की रोक से करारा झटका लगा है। गंगा में प्रदूषण फैलाने के संबंध में दाखिल याचिका पर नेशलन ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) ने सीवरेज योजना में गंदे पानी की ट्रीटमेंट के लिए ठोस व्यवस्था नहीं होने के चलते हरिद्वार, गंगोत्री, गोपेश्वर के अलावा प्रदेश के अन्य हिस्सों में इस पर रोक लगा दी है।
राज्य सरकार की ओर से कमजोर पैरवी के चलते लगी इस रोक का खामियाजा शहरवासियों को झेलना पड़ेगा, जो खुदाई से बदहाल सड़कों से पहले ही परेशानी झेल रहे हैं।
सीवर कार्यों पर रोक में गंगोत्री और गोपेश्वर को बाहर रखा गया है। यहां हुए 96 प्रतिशत सीवर कार्यों को जल्द पूरा करने के लिए कहा गया है। साथ ही हरिद्वार के जगजीतपुर में बन रहे 40 मिलियन लीटर पर डे (एमएलडी) के सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) को भी पूर्ण करने के लिए छह माह का समय दिया गया है।
एनजीटी की ओर से इन कार्यों पर रोक लगाने का मुख्य कारण था कि पहले सीवरेज ट्रीटमेंट की व्यवस्था पूरी की जाए, तभी सीवर नेटवर्क डाले जाने का कार्य करें। हालांकि, दून में कारगी में 68 एमएलडी का सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट तैयार है। इसके अलावा शहर में कई जगहों पर छोटे-छोटे प्लांट बनाए जा रहे हैं। इस लिहाज से यह बड़ा सवाल है कि सीवरेज ट्रीटमेंट की समुचित व्यवस्था किए जाने के बावजूद प्रदेश सरकार एनजीटी में मजबूत पैरवी क्यों नहीं कर पाई?
भविष्य की योजनाओं पर लगा ग्रहण
एनजीटी के 145 पेज के आदेश में पैरा 98 बी में सीवरेज नेटवर्क कार्यों को तत्काल बंद करने के आदेश दिए गए हैं। इस तरह सरकार की ओर से एनजीटी के समक्ष उचित पैरवी नहीं करने के कारण राज्य में चल रहे सीवर कार्यों पर विराम लग चुका है, वहीं भविष्य में स्वीकृत होने वाली योजनाओं पर ग्रहण लग गया है।
एनजीटी की ओर से शहर में सीवर नेटवर्क बिछाने पर रोक लगा दी गई है। हालांकि नालों के क्षेत्र इससे बाहर रखे गए हैं। संबंधित अधिकारियों को आदेश भेजे जा चुके हैं। इसके बाद भी यदि कहीं काम चल रहा है तो तुरंत रुकवाया जाएगा।
-भजन सिंह, प्रबंध निदेशक, पेयजल निगम
एनजीटी के आदेशों का पालन किया जा रहा है। सीवर नेटवर्क का काम बंद कर दिया गया है। जहां-जहां मेन होल का काम अटका है, उसे ही पूरा किया जा रहा है। उसे भी जल्द बंद करवा दिया जाएगा।
-एके पंत, उप-कार्यक्रम निदेशक, एडीबी (अरबन)