नेपाल ने छह महीने में भारत-चीन सीमा पर बनाईं 50 बीओपी, आधुनिक हथियारों से लैस करने की तैयारी
- चीन के अतिक्रमण के चलते चीन सीमा पर भी बीओपी बनाने का क्रम जारी
- नेपाल अपने देश में 175 बीओपी कर चुका है स्थापित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
नेपाल सरकार सीमा सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए सीमाओं पर बॉर्डर आउटपोस्टों (बीओपी) का निर्माण तेजी से कर रहा है। नेपाल ने भारत और चीन सीमा पर पिछले छह माह में 50 बीओपी स्थापित की हैं। सूत्रों के अनुसार नेपाल सरकार ने सीमा पर 500 बीओपी स्थापित करने का लक्ष्य रखा है।
जानकारी के अनुसार सुरक्षा के मद्देनजर भारतीय सीमा पर 44, चीन सीमा पर छह बीओपी स्थापित की जा चुकीं हैं। अब तक नेपाल ने देशभर में 175 बीओपी स्थापित कर दीं हैं। भारत से लगते अपने सीमा क्षेत्र में नेपाली गृह मंत्रालय ने दो से तीन किलोमीटर की दूरी पर एक बीओपी स्थापित करने का लक्ष्य रखा है।
यह भी पढ़ें: भारत-चीन सीमा विवाद: लिपुलेख में एयर स्ट्रिप बना सकती है भारतीय वायु सेना
आने वाले समय में नेपाल पूरी सीमा पर 500 बीओपी स्थापित करेगा। चीन के हुमला में अतिक्रमण के बाद नेपाल चीन सीमा में भी बॉर्डर आउट पोस्टों की संख्या बढ़ाएगा। इसके अलावा, नेपाल ने सशस्त्र प्रहरी बल के जवानों की संख्या में भी बढ़ोतरी की है।
2018 में नेपाल में थीं 87 बीओपी
नेपाल ने सीमाओं पर 2018 तक मात्र 87 बीओपी स्थापित किए थे लेकिन पिछले दो वर्ष के भीतर दोगुने बीओपी स्थापित किए जा चुके हैं। इससे पूर्व नेपाल ने पश्चिम सीमा क्षेत्र में एक भी बीओपी स्थापित नहीं की थी। भारत के लिम्पियाधुरा, कालापानी और लिपुलेख क्षेत्र को अपने नक्शे में शामिल करने के बाद सीमा क्षेत्र में अतिरिक्त बीओपी स्थापित की गईं हैं।
पश्चिमांचल से दार्चुला तक बीओपी स्थापित
नेपाल ने पश्चिमांचल क्षेत्र कंचनपुर से लेकर दार्चुला तक बीओपी स्थापित कीं हैं। दार्चुला में चार बीओपी, एक गुल्म (यूनिट) स्थापित की है, जिसमें छांगरु बीओपी को अपग्रेड कर गुल्म में तब्दील किया गया। लाली, दुमलिंग, जौलजीबी और दत्तू में बीओपी स्थापित की गई है। मार्च से अप्रैल तक दार्चुला में एक भी बीओपी नहीं थी। सूत्रों के अनुसार तिंकर, माथिल्ला, तल्ला कौवा क्षेत्र में भी बीओपी स्थापित करने की तैयारी की जा रही है। डडेलधुरा और बैतड़ी जिलों में बीओपी स्थापित हो चुकीं हैं, जबकि लॉकडाउन से पहले यहां एक भी बीओपी नहीं थी।
चीना सीमा पर भी बनाए सुरक्षा पोस्ट
नेपाल ने भारत से लगे सीमा क्षेत्र के अलावा चीन सीमा में भी सुरक्षा पोस्ट बनाए हैं। पूर्व में सिंधुपल चौक के तातोपानी के अलावा कहीं भी बीओपी नहीं थी। अब ताप्लेजुंग, ओलांगचुड़गोला, संकुवासभा के किमाथांका, दोलखा, लमाबगड़, रसुवा, टिमुरे, मुस्तांग के नेचुंग, हुम्ला के हिलसा में बीओपी स्थापित कर दी है।
आधुनिक हथियारों से लैस होगी बीओपी
बीओपी सशस्त्र बल में सैनिकों की वृद्धि कर सशक्त बनाने के लिए आधुनिक हथियारों से लैस करने की तैयारी की जा रही है। दुर्गम स्थानों पर स्थापित की गई बीओपी के लिए राशन, हथियारों को ले जाने और लाने के लिए हेलीकॉप्टर की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
नेपाल के किस प्रदेश में कितनी बीओपी
प्रदेश बीओपी
प्रदेश 1 38
प्रदेश 2 56
बागमती 08
गंडकी 02
लुम्बिनी 33
कर्णाली 01
सुदूरपश्चिम 37