स्कूल में जॉगिंग करते समय हुआ कुछ ऐसा, कि 13 साल की छात्रा ने गंवा दी जान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
स्कूल में जॉगिंग के दौरान कुछ ऐसा हुआ कि देहरादून के स्कूल में पढ़ने वाली नेपाल की लड़की ने जान गंवा दी। छात्रा की मौत से पूरे स्कूल में हड़कंप मच गया। इसके बाद स्कूल में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
दरअसल, कुठाल गेट स्थित यूनिसन वर्ल्ड स्कूल में मंगलवार सुबह जॉगिंग करते हुए छात्रा की मौत हो गई।पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पेट में ब्लीडिंग होने के कारण आंतें फटने की आशंका है। चिकित्सकों ने विस्तृत रिपोर्ट को लेकर विसरा संरक्षित किया है। छात्रा ने इसी साल कक्षा सात में एडमिशन लिया था। इसी बीच खुफिया एजेंसी ने नेपाल दूतावास को छात्रा की मौत की जानकारी दे दी है।
नेपाल के कपिल वस्तु निवासी कारोबारी विरेंद्र सिंह अग्रवाल ने इस साल अपनी बेटी मानवी अग्रवाल (13) का मसूरी रोड पर कुठाल गेट स्थित यूनिसन वर्ल्ड स्कूल में एडमिशन कराया था। जबकि उनका बेटा मसूरी के एक स्कूल में शिक्षारत है। मंगलवार सुबह करीब सात बजे स्पोर्ट्स टीचर अंजना छात्राओं को जॉगिंग करा रही थी। इस बीच अचानक मानवी गश खाकर मैदान में गिर गई।
छात्रा के बेहोश होने से स्कूल परिसर में अफरातफरी मच गई। स्कूल के चिकित्सक ने छात्रा की गंभीर हालत देखते हुए मैक्स अस्पताल ले जाने को कहा। स्कूल प्रशासन छात्रा को लेकर मैक्स अस्पताल पहुंचा, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने मानवी को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर राजपुर पुलिस भी मौके पर पहुंची। मृतक छात्रा के स्थानीय अभिभावक के रूप में संजय भी मौके पर आ गए।
उन्होंने पहले स्कूल प्रशासन पर सही ढंग से बात न करने का आरोप लगाया। स्कूल के बाहर मीडिया का जमावड़ा हुआ तो स्कूल प्रशासन थोड़ा गंभीर हुआ। प्रबंध तंत्र ने लोकल अभिभावक संजय से बात कर उन्हें पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। मौत का कारण जानने को छात्रा मानवी के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पीएम में मौत का सही कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
प्रथम दृष्टया पेट में ब्लीडिंग होने के कारण आंत फटने की आशंका है। चिकित्सक ने विस्तृत रिपोर्ट जानने को विसरा संरक्षित किया है। राजपुर एसओ हरिओम सिंह ने बताया कि चिकित्सकाें ने विसरा संरक्षित किया है। विसरा जांच में मौत का सही कारण स्पष्ट होने की उम्मीद है।
मुझे जैसे ही सूचना मिली की बेटी की तबीयत बिगड़ गई है तो मैं तुरंत स्कूल आया। पहले तो एक घंटे तक स्कूल वालों ने कोई जानकारी ही नहीं दी। ना ही सही तरीके से बात की। मैंने पुलिस को बुलाया तो स्कूल प्रशासन पूरी बात बताने को राजी हुआ। अभी बेटी के पिता नेपाल से दून आ रहे हैं। उनके आने के बाद ही तहरीर देने पर फैसला लेंगे।
-संजय, लोकल गार्जियन
यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। सुबह मॉर्निंग पीटी के लिए बच्चे गए थे। यह बच्ची वहां गिर गई। तुरंत फिजिकल इंस्ट्रक्टर ने फर्स्ट ऐड दी। बाकी लोगों ने चिकित्सक को बुलाया। डॉक्टर ने बच्चे को सीरियस बताया तो उसे हॉस्पिटल ले गए। मैक्स अस्पताल में हमने सही समय पर पहुंचा दिया था। स्कूल में 14 बेड का अस्पताल है, जिसमें माइनर ओटी की भी सुविधा है।
-मीना सिंह, प्रिंसिपल, यूनिसन वर्ल्ड स्कूल
स्कूल में छात्रा की मौत के मामले में अभी परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-हरिओम सिंह, एसओ, थाना राजपुर