टिकट नहीं मिला तो एनडी बने आशीर्वाद वाले बाबा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नेता, विधायक, केंद्र में मंत्री, मुख्यमंत्री, राज्यपाल और बाद में कोर्ट के जरिए पिता बनने वाले एनडी तिवारी इन दिनों आशीर्वाद वाले बाबा बन गए हैं।
पक्ष, विपक्ष, द्वंद्वी, प्रतिद्वंद्वी, दंदफंदी कोई भी हो, बाबा चेहरा, कद नहीं देख रहे हैं, जो झोली फैला रहा है, उस पर आशीर्वाद लुटा देते हैं। आशीर्वाद लेने वालों की भी इन दिनों होड़ मची हुई है।
बेटे रोहित और बाद में राजनाथ सिंह, भगत सिंह कोश्यारी, रीता बहुगुणा जोशी भी आशीर्वाद प्राप्त करने वालों में शामिल हैं।
रीता बहुगुणा को पहचानने से कर दिया इंकार
हालांकि, रीता बहुगुणा के बारे में कहा जा रहा है कि एनडी तिवारी ने उन्हें पहचानने से इनकार कर दिया। वहीं, आशीर्वाद लेने में कहीं ‘अपने’ पीछे न रह जाए इसलिए वह हल्द्वानी पहुंच रही हैं।
अभी कुछ दिन पहले बेटे के लिए नैनीताल से ऊधम सिंह नगर जिले के गलियों में टिकट मांग रहे थे, फिलहाल अब बाबा के लिए प्रचार करेंगे। बुधवार को एनडी हल्द्वानी पहुंचकर सभा को संबोधित करेंगे।
कुछ दिन पहले एनडी तिवारी दौरे पर आए थे, रायशुमारी के लिए बेटा रोहित एवं उज्ज्वला शर्मा को जन्म और कर्मभूमि दिखा गए।
विरासत और राजनीति का मंत्र दिया
बेटे के हाथ देखते हुए फोटो खिंचवाने के साथ विरासत और राजनीति का मंत्र भी दिया।
खबर मिली तो कमल की छाया से निकले भगत सिंह कोश्यारी ‘नारायण’ से मिलने पहुंच गए। भगत और नारायण ने इस मिलन को शिष्टाचार भेंट बताया।
इसके बाद तो भाजपा नेताओं में होड़ शुरू हो गई। नेता प्रतिपक्ष अजय भट्ट को भी उन्होंने निराश नहीं किया।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने जब लखनऊ में आशीर्वाद मांगा तो श्री तिवारी ने दुलार के साथ कहा कि तू राजा है मैंने तुझे हमेशा आशीर्वाद दिया।
मुलायम सिंह को भी दे चुके हैं आशीर्वाद
रीता बहुगुणा जोशी को भी आशीर्वाद दिया। इससे पहले वह मुलायम सिंह यादव को आशीष दे चुके थे।
जब कांग्रेस को खबर हुई तो वह कहां पीछे रहने वाले थे। ‘अपनों’ ने मनाया तो वह हल्द्वानी आने को तैयार हो गए हैं।
कैबिनेट मंत्री डा. इंदिरा हृदयेश ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री एनडी तिवारी बुधवार दोपहर चार बजे बिंदुखत्ता और शाम सात बजे हल्द्वानी के रामलीला ग्राउंड में सभा को संबोधित करेंगे। इसके लिए तैयारी कर ली गई है।