नैनीताल: रामनगर में मिला हल्द्वानी के लापता प्रॉपर्टी डीलर का शव, बेटे का शव देख गमगीन हुए पिता
नौ फरवरी से लापता हल्द्वानी के प्रॉपर्टी डीलर का शव शुक्रवार को रामनगर के भंडारपानी के समीप जंगल में मिला। शव मिलने की सूचना पर पिता सहित अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। मौके से कीटनाशक की बोतल मिलने से आशंका जताई जा रही है कि प्रॉपर्टी डीलर ने खुदकुशी की होगी लेकिन युवक के पिता का कहना है कि उनका बेटा आत्महत्या नहीं कर सकता। ऐसे में उनकी मांग पर हल्द्वानी से फोरेंसिक टीम को बुलाया गया। पुलिस का कहना है कि मौत की सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही पता चल सकेगी। पनियाली कठघरिया निवासी प्रॉपर्टी डीलर नवल सिंह बिष्ट नौ फरवरी की सुबह साढ़े दस बजे से लापता था।
पिता ने मुखानी थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस को रामनगर में उसकी अंतिम लोकेशन मिली थी। तब से पुलिस रामनगर के आसपास के क्षेत्र में उसे तलाश कर रही थी। शुक्रवार सुबह रामनगर वन प्रभाग के कोटा रेंज के वनकर्मियों ने पुलिस को सूचना दी कि भंडारपानी के पास एक कार तीन दिन से खड़ी है। प्रॉपर्टी डीलर की कार की लोकेशन मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
कार सड़क किनारे खड़ी थी, लेकिन उसमें कोई नहीं था। पुलिस ने आसपास के जंगल में वनकर्मियों के साथ छानबीन की। सड़क से 200 मीटर अंदर नदी की तरफ जंगल में पेड़ के पास एक शव मिला। पुलिस ने इसकी सूचना लापता प्रॉपर्टी डीलर के पिता नयन सिंह बिष्ट को दी। कुछ देर में नयन सिंह परिजनों के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने शव नवल का होने की पुष्टि की।
लखनपुर पेट्रोल पंप से भराया पेट्रोल
एसएसआई जयपाल सिंह चौहान ने बताया कि नौ फरवरी को दोपहर करीब एक बजे नवल ने लखनपुर पंप से पेट्रोल भराया था। इसके बाद वह सीतावनी रोड पर गया।
बेटे का शव देख गमगीन हुए पिता
पिता नयन सिंह बिष्ट ने जैसे ही बेटे का शव देखा तो वह फफक कर रो पड़े। उनकी आंखें फटी रह गईं। परिजनों ने उन्हें किसी तरह संभाला। इस दौरान परिजन उन्हें ढाढ़स बंधाते रहे।
पिता के कहने पर बुलाई फोरेंसिक टीम
पिता नयन सिंह की मांग पर हल्द्वानी से फोरेंसिक टीम को बुलाया गया। टीम ने मौके पर जांच पड़ताल की। टीम ने बैग, कीटनाशक की बोतल, कार की चाबी कब्जे में ले ली है। कार से फिंगरप्रिंट भी लिए गए हैं। इसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
तनाव में था नवल
पनियाली ग्राम पंचायत सदस्य विनोद भट्ट ने बताया कि नवल बिष्ट प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था। कुछ समय से प्रॉपर्टी के मामले में वह काफी तनाव में था। प्रॉपर्टी डीलर के परिवार में मां आनंदी देवी, पत्नी हंसा बिष्ट, पुत्र हर्षित और उत्सव हैं।
प्रथमदृष्टया सुसाइड का मामला प्रतीत हो रहा है। मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चल पाएगी। फोरेंसिक टीम ने भी विभिन्न बिंदुओं पर जांच की है।
- डॉ. जगदीश चंद्रा, एसपी सिटी