उत्तराखंड: रेलवे मंत्री पीयूष गोयल ने नैनी-दून जन शताब्दी एक्सप्रेस को किया रवाना, ये है किराया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
काठगोदाम से देहरादून के बीच चलने वाली नई ट्रेन ‘नैनी दून जनशताब्दी एक्सप्रेस’ का आज काठगोदाम रेलवे स्टेशन से शुभारंभ हो गया।
रेलवे मंत्री पीयूष गोयल वीडियो कांफ्रेंसिंग से ट्रेन को करीब 12 बजे देहरादून के लिए रवाना कर दिया। रेल मंत्री की ओर से सांसद भगत सिंह कोश्यारी और राज्य सभा सांसद अनिल बलूनी ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। रेल मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि यह ट्रेन बड़ी उपलब्धि है। चार धाम रेल लाइन से जोड़ने के लिए सर्वे हो रहा है। यह ऐतिहासिक कार्य होगा। इसके अलावा उत्तराखंड की सभी ट्रेनों को इलेक्ट्रिक से जोड़ने के लिए काम किया जा रहा है। रेलवे आगे भी इसी तरह नई ट्रेनें चलाते रहेगा। उन्होंने कहा कि अभी उत्तराखंड में केवल 7 स्टेशनों में वाई-फाई की सुविधा है। आने वाले समय में सभी स्टेशनों को वाईफाई से जोड़ दिया जाएगा।
वॉल्वो बस के टिकट की कीमत के मुकाबले आधी कीमत में देहरादून तक का एसी चेयर कार में सफर कर सकते हैं। वॉल्वो बस का टिकट 1200, एसी का 716 रुपये किराया है जबकि ट्रेन में 555 रुपये में एसी में दून पहुंच जाएंगे। यानी बस के मुकाबले आधा ही किराया लगेगा। ट्रेन का देहरादून तक का एसी चेयर कार का किराया 555 रुपये, नॉन एसी चेयर कार का 165 रुपये है। वहीं राज्य सभा सांसद अनिल बलूनी ने शुक्रवार को रेलवे, प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के साथ समारोह की तैयारियों का जायजा लिया। काठगोदाम रेलवे स्टेशन के टिकट काउंटर से नैनी दून जन शताब्दी एक्सप्रेस के चेयरकार में पहला रिजर्वेशन नवीन मल निवासी धारी ने कराया। उनको सी-1 में 49 नंबर सीट आवंटित की गई है। वहीं ट्रेन में धड़ल्ले से टिकटों की बुकिंग हो रही है। शनिवार को नैनी दून जन शताब्दी का सामान्य कोच के भी टिकट मिलेंगे।
आधी रात को काठगोदाम में सजाई गई ट्रेन
वीआईपी की सुरक्षा को लेकर पुलिस, आरपीएफ और जीआरपी ने भी संयुक्त रणनीति तैयार की थी। वहीं, देर रात तक प्लेटफॉर्म नंबर एक, स्टेशन के बाहर रंगाई-पुताई, अतिथि गृह की मरम्मत जारी रही।
देर रात तंबू लगाने और मंच बनाने का काम जारी था। इस दौरान एडीआरएम बीपी गुप्ता, सीनियर डीएनई अरुण कुमार, सीनियर डीएसटी रितेश गुप्ता, कमांडेंट आरएस मीणा, एसपी सिटी अमित श्रीवास्तव, एसडीएम एपी वाजपेयी, सिटी मजिस्ट्रेट पंकज उपाध्याय, स्टेशन अधीक्षक चयन रॉय मौजूद थे।
नैनी दून जन शताब्दी एक्सप्रेस का रैक देर रात काठगोदाम स्टेशन पर पहुंचा। ट्रेन को फूल मालाओं, गुलदस्तों से सजाया गया। सिर्फ आज के लिए ही ट्रेन का नंबर 02090/02089 रखा गया है। सोमवार से यह ट्रेन नियमित होगी।