पहाड़ी राज्यों का हाल बताएगी माउंटेन बुलेटिन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पहाड़ी राज्यों के लिए भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अलग से पूर्वानुमान शुरू किया है। माउंटेन बुलेटिन नाम से विभागीय वेबसाइट पर शुरू हुए इस विंडो में न केवल आने वाले सात दिन के तापमान, बल्कि बारिश, बर्फबारी का भी ब्योरा पेश किया जा रहा है। जिन राज्यों को इसमें शामिल किया गया है, उनमें उत्तराखंड के साथ ही हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर खास तौर पर शामिल हैं।
इस नए विंडो से पर्यटकों, आपदा कार्य में लगे विशेषज्ञों के साथ ही शोध छात्रों को भी मदद मिलेगी। आईएमडी की वेबसाइट www.imd.gov.in पर सेटेलाइट चित्रों के जरिए दिया जा रहा इन तीनों राज्यों के मौसम का ताजा हाल लॉग इन कर जाना जा सकता है। ट्रायल बेसिस पर इस विंडो को हर तीन घंटे में अपडेट किया जा रहा है।
...लेकिन जमीनी हालात अलग
आईएमडी बेशक वेबसाइट को लगातार सुधाकर नई-नई सुविधा उससे जोड़ रहा है, लेकिन जमीन पर हाल कोई बेहतर नहीं। उत्तराखंड में मौसम विभाग की दून, पंतनगर, टिहरी और मुक्तेश्वर में आब्जरवेटरी हैं। अन्य स्थानों पर इनका खुलना बाकी है। आलम यह है कि अगर चकराता या अन्य किसी पहाड़ी क्षेत्र से बर्फबारी का हाल पता करना हो तो उसके लिए तहसील के रिकार्ड पर निर्भर रहना पड़ता है।
अभी सताएगी सूखी ठंड और कोहरा
सूखी ठंड और कोहरे से अभी निजात मिलने की संभावना नहीं है। मंगलवार को दून में आसमान साफ और मौसम सूखा बना रह सकता है, लेकिन ऊधम सिंह नगर में कोहरा मुश्किल बढ़ाएगा। राज्य मौसम केंद्र के मुताबिक वहां कुछ क्षेत्रों में घना कोहरा रहने की आशंका है।
इस वजह से सफर करने वालों की मुश्किल कायम रहेगी। खास तौर पर दृश्यता कम रहने से रात में बेहद मुश्किल होगी। प्रदेश में अन्य स्थानों पर भी मौसम सूखा ही बना रहने की संभावना बनी हुई है। उधर, राजधानी में सोमवार को दिन में अच्छी धूप खिली। मंगलवार को राजधानी के न्यूनतम तापमान में तकरीबन दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है, हालांकि अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आस-पास ही बना रहने के आसार हैं।