विधायक प्रकरण: पुलिस के बुलावे पर विधायक महेश नेगी फिर पहुंचे देहरादून, एक घंटे तक हुई पूछताछ
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दुष्कर्म जैसे गंभीर आरोपों से घिरे द्वाराहाट विधायक महेश नेगी को पुलिस ने शुक्रवार को फिर देहरादून बुलाकर करीब एक घंटे तक पूछताछ की। साथ ही कहा कि यदि फिर जरूरत पड़ी तो विधायक को आना होगा। इसके अलावा बताया जा रहा है कि विधायक के परिवार ने भी महिला से बातचीत से संबंधित कुछ साक्ष्य पुलिस को सौंपे हैं।
बता दें कि 14 अगस्त को एक महिला ने विधायक महेश नेगी के खिलाफ दुष्कर्म के आरोप लगाए थे। महिला का यहां तक कहना है कि उसकी बच्ची के पिता भी विधायक महेश ही हैं। हालांकि, इससे पहले महिला के खिलाफ विधायक की पत्नी ब्लैकमेलिंग का मुकदमा दर्ज करवा चुकीं थीं। इस पूरे मामले में विधायक करीब पांच दिन तक सामने नहीं आए थे। इसके बाद एकाएक जब पुलिस की ओर से सख्ती संबंधी बयान जारी किए तो विधायक जांच अधिकारी के पास पहुंचे थे।
चार दिन पहले विधायक के एक घंटे तक बयान दर्ज किए थे। इसके बाद जांच अधिकारी सीओ अनुज कुमार ने विधायक को फिर बयान दर्ज करने के लिए बुलाया था। चूंकि, घटना के संबंध में चार अलग-अलग शिकायतें हैं और इन सभी की जांच सीओ अनुज कुमार ही कर रहे हैं। ऐसे में विधायक को फिर से बुलाया जा सकता है। हालांकि, विधायक भी अपनी ओर से पुलिस मुख्यालय को पत्र देकर जांच में पूरा सहयोग करने का आश्वासन दे चुके हैं।
महिला के पति ने बताया जान का खतरा
द्वाराहाट विधायक पर आरोप लगाने वाली महिला के पति ने खुद को जान का खतरा बताया है। उससे पुलिस ने बयान दर्ज कराने के लिए संपर्क किया था। इसमें उसने बताया कि वह काफी दूर हैं और बयान दर्ज कराने नहीं आ सकता। बता दें कि इससे पहले पुलिस उसे बयान दर्ज कराने के लिए नोटिस भी भेज चुकी है।
विधायक को शुक्रवार को भी बुलाया गया था। उनसे इन शिकायतों के संबंध में जानकारी जुटाई गई हैं। इसके अलावा जांच अधिकारी ने अन्य साक्ष्य भी हासिल किए हैं। इन सभी का अवलोकन किया जा रहा है।
-अरुण मोहन जोशी, डीआईजी देहरादून