उत्तराखंड: 2794 शिक्षकों की मेरिट लिस्ट सोमवार को
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दस साल से शिक्षक बनने का ख्वाब दे रहे बीएड टीईटी प्रशिक्षितों का इंतजार रविवार को खत्म हो गया। शिक्षा विभाग देर रात तक 2794 शिक्षकों की वरिष्ठता के आधार पर सूची तैयार करने में जुटा रहा। सोमवार (आज) को सूची जारी होने की उम्मीद है।
बीएड टीईटी पास प्रशिक्षित बेरोजगार कई वर्षों से नियुक्ति की मांग कर रहे थे। एक फरवरी 2014 को विभाग ने 918 पदों के लिए नियुक्ति विज्ञप्ति जारी की थी। कुछ समय बाद पदों की संख्या बढ़ाकर 2794 कर दी गई थी।
यह नियुक्ति वरिष्ठता के आधार पर होनी थी। यानी जिन अभ्यर्थियों ने पहले बीएड किया उन्हें प्राथमिकता मिलती। चयन के इस मानक के खिलाफ कुछ बेरोजगार कोर्ट चले गए थे।
इनकी मांग थी कि नियुक्तियां वर्षवार के बजाय मेरिट के आधार पर हों। इस कारण यह मामला लटका हुआ था। वरिष्ठता के आधार पर भर्ती का रास्ता साफ होने के बाद एससीईआरटी ने वर्षवार मेरिट सूची तैयार कर ली थी।
रविवार को सुबह से ही शिक्षा निदेशक बेसिक आरके कुंवर सहित सभी अधिकारी इस सूची को अंतिम रूप देने में लगे रहे। देर रात्रि तक सूची तैयार नहीं हो सकी थी।
30 सितम्बर से पहले पूरी होगी नियुक्ति
बीएड टीईटी प्रशिक्षितों के लिए यह नियुक्ति इसलिए भी जरूरी थी क्योंकि एनसीटीई के नियमों के तहत 30 सितंबर तक ही बीएड टीईटी वाले प्रशिक्षितों को प्राइमरी स्कूल में बतौर अध्यापक रखा जा सकता था।
इसके बाद डीएलएड टीईटी अभ्यर्थियों को ही प्राइमरी स्कूल टीचर बनने का मौका मिलेगा। शिक्षा निदेशक बेसिक आरके कुंवर ने बताया कि मेरिट सूची वेबसाइट पर भी जारी की जाएगी। इसमें शामिल अभ्यर्थियों के नाम के साथ तैनाती वाले जिले की जानकारी भी दी जाएगी।
सूची जारी होने के बाद अभ्यर्थियों को अपने सभी दस्तावेजों और प्रमाणपत्रों के साथ संबंधित जिला शिक्षाधिकारी कार्यालय पहुंचना होगा। प्रमाणपत्रों की जांच के बाद उन्हें स्कूलों का आवंटन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 30 सितंबर से पहले नियुक्ति प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
यहां देखें सूची
www.schooleducation.uk.gov.in