उत्तराखंड में दुआ से हो रहा स्वाइन फ्लू का इलाज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वैसे तो उत्तराखंड के अधिकतर अस्पताल बदहाल हैं, लेकिन जहां पर सुविधाएं देने का दावा किया जाता है, वहां भी मरीजों को दवा कम, दुआ का ही सहारा है।
डॉक्टरों की कमी की वजह से इलाज के लिए भटकने वाले मरीजों को अब दवा भी नसीब नहीं हो पा रही है। वह भी स्वाइन फ्लू जैसी घातक बीमारी की। पूरे प्रदेश के लिए दून अस्पताल में आइसोलेशन वार्ड तो बना दिया गया, लेकिन यहां पर इस बीमारी की केवल आठ टैबलेट ही बची है।
यही नहीं, बच्चों को टीका लगवाने के लिए बुधवार को दून महिला अस्पताल पहुंची माताओं को संबंधित दवा नहीं मिलने के कारण भटकना पड़ा।
नहीं मिल रही स्वाइन फ्लू की दवा
स्वाइन फ्लू के इलाज के लिए दवा की मांग बढ़ने के कारण संबंधित कंपनियों से दवाओं की खेप मिलने में देरी हो रही है। स्वास्थ्य विभाग ने केंद्र को प्रदेश के मौजूदा हालात से अवगत करवाकर तुरंत दवाओं की खेप की मांग की है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा दवा निर्माण के लिए अधिकृत कंपनियों से ही दवा खरीदी जा सकती है।
स्वाइन फ्लू के इलाज के लिए टेमिफ्लू सहित एक अन्य दवा चाहिए होती है। इसके लिए जनपदों के मुख्य चिकित्सा अधिकारी को खरीद के निर्देश दिए हैं। जिलों ने दवा निर्माता कंपनियों को मांग भेजी है, लेकिन इस समय चल रही व्यापक मांग के चलते खेप नहीं पहुंच रही है। स्वाइन फ्लू के देश भर में बढ़ते मामलों के चलते दवा की कालाबाजारी की आशंका बढ़ गई है।
पहले केंद्र से आती थी दवा
स्वाइन फ्लू की दवाएं हर वर्ष केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय मुहैया करता था, लेकिन बीते कुछ वर्षों में इसकी जरूरत कम रहने से काफी संख्या में दवाएं एक्सापयर हो गईं। ऐसे में इस बार केंद्र को मांग नहीं भेजी गई। स्वास्थ्य विभाग ने अपने स्तर से दवाएं खरीदने का फैसला लिया, जो उलटा पड़ गया।
दवा के लिए केंद्र ने जो कंपनियां चिह्नित की हैं, उन्हें काफी समय पहले मांग भेज दी है, लेकिन दो बार वहां संपर्क करने के बावजूद खेप नहीं मिली है। अब केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय से संपर्क कर दवा की मांग की है।
- डॉ. जीएस जोशी, महानिदेशक
दून अस्पताल में बची केवल आठ टैबलेट
उत्तराखंड में स्वाइन फ्लू तेजी से पैर पसार रहा है। जिले में ही 15 दिन में इस बीमारी के चार संदिग्ध मरीज अलग-अलग अस्पतालों में आ चुके हैं। एक मरीज में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हो चुकी है।
लेकिन यहां के सरकारी अस्पतालों में इस रोग की दवा नहीं है। दून अस्पताल में केवल आठ टैबलेट बची हैं। जबकि यहां एक संदिग्ध मरीज मंगलवार को भर्ती कराया गया है। अस्पताल ने यह दवा भी मांग कर जुटाई है।
दरअसल, लोगों को स्वाइन फ्लू के संक्रमण से बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट तो जारी कर दिया लेकिन दवा की व्यवस्था नहीं कर पाया। हालात ऐसे बन गए हैं कि अस्पतालों में इलाज करने वाले स्वास्थ्य कर्मी स्वाइन फ्लू के संक्रमण से खौफजदा हैं। वह इस रोग के मरीज की देखरेख करने से बच रहे हैं।
दून अस्पताल में जहां पूरे जिले के लिए आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है, स्वाइन फ्लू की केवल आठ टैबलेट बची हैं। लेकिन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी दवा के लिए कंपनियों से लगातार संपर्क करने की बात कहकर पल्ला झाड़ रहे हैं।
तेजी से फैलता है संक्रमण
डाक्टरों के मुताबिक स्वाइन फ्लू का संक्रमण एक व्यक्ति से दूसरे तक तेजी से फैलता है। मरीज के परिजनों, इलाज में शामिल स्वास्थ्य कर्मियों और आसपास रहने वाले हर शख्स को एहतियात के तौर पर स्वाइन फ्लू की दवा देनी होती है। ऐसे में दवा की उपलब्धता न होने से स्वास्थ्यकर्मियों का डर भी वाजिब है।
निजी अस्पताल ने भी खड़े किए हाथ
दून अस्पताल में भर्ती एक मरीज के लिए मंगलवार को किसी तरह निजी अस्पताल से दवा मंगाई गई थी। जबकि मरीज के परिजनों और स्वास्थ्यकर्मियों को भी दवा की जरूरत है। बताया गया कि निजी अस्पताल ने दवा उपलब्ध कराने से हाथ खड़े कर दिए हैं।