विवाहिता ने होमगार्ड के बेटे पर लगाया वीडियो वायरल करने का आरोप, पुलिस को सौंपे स्क्रीनशॉट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरिद्वार के ज्वालापुर क्षेत्र की एक विवाहिता ने पड़ोसी होमगार्ड के बेटे पर उसकी चोरी छिपे वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर देने का आरोप जड़ा है। पीड़िता ने साक्ष्य उपलब्ध कराते हुए ज्वालापुर पुलिस को पूरे मामले की शिकायत की है। स्थानीय पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
क्षेत्र के ईदगाह रोड स्थित काजी कॉलोनी निवासी महिला ने बृहस्पतिवार को स्थानीय पुलिस को तहरीर देकर पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। आरोप लगाया कि उसके पड़ोस में एक होमगार्ड अपने परिवार के साथ रहता है।
उसका बेटा पिता के पुलिस में होने का दूसरों पर रौब झाड़ता है। आरोप है कि युवक घर से बाजार आने-जाने के दौरान उसे घूरता रहता है। यही नहीं अपने मोबाइल से चोरी छिपे उसकी फोटो खींचता है और वीडियो भी बनाता रहता है।
आरोप है कि तीन-चार दिन पहले होमगार्ड के बेटे ने उसके घर में घुसकर उसके साथ जबरदस्ती करने की भी कोशिश की थी। उस समय होमगार्ड और पड़ोसियों के बीच बचाव करने पर आरोपी युवक ने माफी मांग ली थी, इसलिए उसने पुलिस में शिकायत नहीं की, लेकिन युवक बाज नहीं आया।
आरोप है कि युवक ने एक कांग्रेसी नेता के साथ मिलकर चोरी-छिपे फिर से उसकी वीडियो बनाई और उसकी बात न मानने पर सरेराह वीडियो वायरल करने की धमकी दी। पीड़िता ने बताया कि इसके बाद आरोपी युवक ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक बातें लिखकर उसकी वीडियो वायरल कर दी।
महिला ने सुबूत के तौर पर स्क्रीन शॉट भी पुलिस को उपलब्ध कराए हैं। ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी योगेश सिंह देव ने बताया कि मामले की जांच कर रहे है।