पहाड़ी पर चढ़ा, आई लव यू बोला और लगा दी छलांग
राजधानी देहरादून में एकतरफा इश्क में इंजीनियरिंग के छात्र ने पहाड़ी से छलांग लगा दी। पहाड़ी पर खड़े होकर पहले तो प्रेमिका का नाम लेकर आई लव यू कहा, फिर तुम्हारे बिना ना जीने की बात कहते हुए छलांग लगा दी। गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि साथी छात्र उसे बचाने के प्रयास में पहाड़ी से गिरकर घायल हो गया।
मध्य प्रदेश के जबलपुर का यह छात्र देहरादून में प्रेमनगर के एक शिक्षण संस्थान में बीटेक का छात्र है। छात्र साथी छात्रा से एकतरफा इश्क करता है। कई बार उसने प्रेम का इजहार किया, लेकिन छात्रा ने उसे तवज्जो नहीं दी। इससे छात्र तनाव में आ गया।
रविवार को युवक ने छात्रा से फिर अपना प्रस्ताव दिया, लेकिन छात्रा ने नकार दिया। इससे आहत छात्र ने धमकी दी कि वह उसके बिना नहीं रह सकता। छात्रा ने बेरुखी से कहा कि उसकी जिंदगी है, वह जो चाहे करे।
'तुम नहीं आईं तो जान दे दूंगा'
सोमवार को युवक दिल्ली के साथी के साथ बिधौली के पास पहाड़ी पर चढ़ गया। पहाड़ी को इलाके का प्वाइंट माना जाता है। पहाड़ी पर चढ़कर युवक ने छात्रा के मोबाइल पर फोन कर आने के लिए कहा।
साथ में धमकी दी कि यदि वह नहीं आई तो वह जान दे देगा। छात्रा के इनकार करने पर युवक उसका नाम पुकार कर कई बार आई लव यू कहा। इसके बाद पहाड़ी से छलांग लगा दी। साथी छात्र ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन संतुलन बिगड़ने से वह भी गिर गया।
झाड़ियों में गिरने के कारण उसे ज्यादा चोट नहीं आई। लेकिन काफी ऊपर से गिरने के कारण आशिक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। नाजुक हालत में उसे सिनर्जी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसओ प्रेमनगर यशपाल बिष्ट ने घटना की पुष्टि की है।