चुनाव से पहले कांग्रेस ने उड़ाई बीजेपी पदाधिकारियों की नींद, इस खबर से पार्टी में मची खलबली
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की देहरादून में शनिवार को होने वाली जनसभा में भाजपा के दो बड़े नेताओं के कांग्रेस में शामिल होने की खबरों ने पार्टी में हलचल मचा रखी है। पार्टी का खुफिया तंत्र अपने हिसाब से भाजपा के असंतुष्ट नेताओं की टोह लेने में लगा है, ताकि यह साफ हो सके कि कांग्रेस के दावे में कितना दम है।
वैसे तो पार्टी में ऐसे नेताओं की संख्या एक दर्जन के करीब है, लेकिन उनके कट्टर समर्थक भी पालाबदली को लेकर कुछ खास इनपुट नहीं दे पा रहे हैं। जिसके चलते पार्टी हाईकमान पसोपेश में है।
कांग्रेस ने राहुल गांधी की सभा में भाजपा के दो बड़े नेताओं के शामिल होने का दावा कर भाजपा प्रदेश नेतृत्व की नींद उड़ा दी है। चर्चाओं का दौर तो आदर्श आचार संहिता लागू होने से पहले से है।
हालांकि अभी यह पूरी तरह साफ नहीं हो पाया है कि भाजपा के किन नेताओं पर कांग्रेस डोरे डाल रही हैं। वैसे तो सत्ता के गलियारों से जुड़े लोगों की जुबां पर कई नेताओं के नाम हैं।
वर्तमान हालात में उनके पाला बदलने की संभावना तो नहीं दिखती, लेकिन राजनीति में कब क्या हो जाए, कहना मुश्किल है। पार्टी स्तर के अलावा खुफिया तंत्र अलग से पाला बदलने की तैयारी करने वाले भाजपा नेताओं की टोह में लगा है।
सरकार से असंतुष्ट नेताओं की सूची में तो कई नाम हैं, लेकिन तमाम कोशिशों के बाद भी खुफिया तंत्र किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पा रहा है, क्याेंकि कांग्रेस और भाजपा खेमे से लाख कोशिशों के बाद कोई इनपुट नहीं मिल रहा है। सूत्रों का कहना है कि एक-दो दिन में यह साफ हो पाएगा कि कांग्रेस के दावे में कितना सच और कितना झूठ है।