Election 2024: प्रियंका गांधी की रुड़की में जनसभा, कहा-उद्योगपतियों के हो रहे कर्ज माफ, किसान कर रहा आत्महत्या
Lok Sabha Election 2024 Uttarakhand: प्रियंका गांधी ने हरिद्वार संसदीय क्षेत्र के डीएवी मैदान रुड़की में कांग्रेस प्रत्याशी वीरेंद्र सिंह रावत के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित किया।
विस्तार
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने शनिवार को रुड़की में जनसभा की। केएलडीएवी मैदान में कांग्रेस प्रत्याशी वीरेंद्र सिंह रावत के समर्थन में हुई चुनावी सभा में केंद्र की मोदी सरकार को निशाने पर रखते हुए कहा, भाजपा के शासनकाल में बड़े-बड़े उद्योगपतियों के हजारों-करोड़ों रुपये के कर्ज माफ हो रहे, जबकि किसानों के 10 हजार रुपये तक के भी कर्ज माफ नहीं किए जा रहे हैं। इससे किसान आत्महत्या कर रहा है।
आरोप लगाया, भाजपा समेत अन्य पार्टियां जनता को केवल बहकाने का काम कर रही हैं। जनसभा की शुरुआत हर-हर गंगे का जयकारा लगाकर की। उन्होंने केंद्र सरकार पर तंज कसते हुए कहा, सरकार जीएसटी के नाम पर छोटे व्यापारियों को लूट रही है। भाजपा के 10 साल के शासनकाल में देश का युवा बेरोजगार है। यही नहीं प्रधानमंत्री ने नोटबंदी की थी। इससे फायदा केवल भाजपा को हुआ।
Haldwani: उत्तर प्रदेश के सीएम की जनसभा के लिए पुलिस ने जारी किया रूट डायवर्जन प्लान, एडवाइजरी जारी
कहा, कालाधन जनता के सामने लाने का वादा किया था, लेकिन अब तक कालाधन वापस नहीं आया है। प्रधानमंत्री मोदी केवल बड़े उद्योगपतियों के पास जाते हैं। आम जनता के संघर्ष की उन्हें कोई परवाह नहीं है। महंगाई चरम पर है। महिलाएं असुरक्षित हैं। अब समय आ गया है, जब इस बहकाने वाली सरकार को बाहर का रास्ता दिखा दिया जाए।
उन्होंने प्रदेश की पांचों सीटों पर कांग्रेस को विजयी बनाने का आह्वान कर हरिद्वार लोस सीट के प्रत्याशी वीरेंद्र रावत के पक्ष में वोट करने की अपील की। इस मौके पर पूर्व सीएम हरीश रावत, कांग्रेस प्रत्याशी वीरेंद्र रावत, भगवानपुर विधायक ममता राकेश, हरिद्वार ग्रामीण विधायक अनुपमा रावत, प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, विधायक फुरकान अहमद, चकराता विधायक प्रीतम सिंह, पूर्व विधायक काजी निजामुद्दीन, झबरेड़ा विधायक विरेंद्र जाती, विधायक रवि बहादुर, पूर्व राज्यमंत्री संजय पालीवाल, सचिन गुप्ता आदि मौजूद रहे।
कलश में गंगाजल भरकर दिया
प्रियंका को पूर्व सीएम हरीश रावत और विधायकों ने गंगाजल से भरा कलश भेंट किया। प्रियंका ने कहा, यहां की जनता सरल और सौम्य है। इस दौरान उन्होंने किसानों, युवाओं और महिलाओं को साधने की कोशिश की। कहा, यहां के लोग बहुत मेहनती हैं, लेकिन भाजपा सरकार उनके हक छीन रही है।
बहुत बेवकूफ बना लिया, अब बदल डालो
प्रियंका ने कहा, इन 10 सालों में प्रधानमंत्री मोदी ने जनता को बहुत बेवकूफ बनाया है। वादा करते हैं नारी शक्ति का और अंकिता भंडारी के हत्यारों को भाजपा अब तक बचा रही है। भाजपा केवल अच्छी चीजें दिखाकर जनता को गुमराह कर रही है। जनता से आह्वान किया कि इस बार सबकुछ बदल दो।