Lockdown 3.0 : डीजीपी ने वीडियो के माध्यम से प्रदेश वापस आ रहे उत्तराखंड प्रवासियों को चेताया
पुलिस महानिदेशक अनिल कुमार रतूड़ी ने बाहरी राज्यों से आने वाले उत्तराखंड के प्रवासियों को चेताया है। उन्होंने कहा कि क्वारंटीन के नियमों का पालन न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। डीजीपी रतूड़ी ने वीडियो के माध्यम से अपना संदेश जारी किया है।
उन्होंने कहा कि कोरोना की महामारी से समस्त विश्व, देश और प्रदेश इस समय जूझ रहा है। आप सबके सहयोग से इस महामारी को नियंत्रण में रखने के हर सम्भव प्रयास किए जा रहे हैं। वर्तमान में प्रदेश के प्रवासी नागरिकों को चरणबद्ध तरीके से वापस लाने की कार्रवाई जारी है।
इसी क्रम में काफी संख्या में प्रवासी अपने गांव या शहर में वापस आ चुके हैं। जो वापस आने की प्रक्रिया है, उसमें एक महत्वपूर्ण बिन्दु होम क्वारंटीन का है। वापस आने पर 14 दिन तक होम क्वारंटीन में घर पर रहना अनिवार्य है, क्योंकि इससे संक्रमण को फैलने से रोका जा सकता है। जो व्यक्ति इस होम क्वारंटीन को गैर जिम्मेदाराना तरीके से तोड़ता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार डिजास्टर मैनेजमेंट एक्ट में कार्रवाई हो सकती है।
112 पर करें शिकायत
डीजीपी ने हर प्रवासी क्वारंटीन का विधिवत पालन करें। आम नागरिकों से यही अनुरोध है कि यदि कहीं नियमों का उल्लंघन होता है तो डायल 112 पर सूचना दी जा सकती है।
कोरोना टेस्ट के चलते सिपाही पवन कुमार का नहीं हुआ पोस्टमार्टम
देहरादून की डालनवाला कोतवाली में तैनात सिपाही पवन कुमार के शव का कोरोना टेस्ट सैम्पल लिए जाने के कारण शनिवार को भी पोस्टमार्टम नहीं ही सका। बीमारी के चलते सिपाही का शुक्रवार को निधन हो गया था। उधर परिजनों ने सिपाही की मौत पर सवाल उठाते हुए एसएसपी आफिस में शिकायत की है।
डालनवाला थाने में तैनात सिपाही पवन कुमार का शुक्रवार को निधन हो गया था। बताया गया था कि वह लंबे समय से लीवर की बीमारी से ग्रसित थे। 2002 बैच के आरक्षी पवन मूल रूप से जनपद हरिद्वार के रहने वाले थे।
पहले पंचायत नामा भरकर शव को पोस्टमार्टम को भेजा गया था, लेकिन देर रात पोस्टमार्टम से पहले कोरोना सैम्पल लेने का फैसला लिया। इस कारण शनिवार को भी सिपाही के शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका हैं। कोरोना रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जायगी।
सिपाही के परिजनों ने शनिवार को एसएसपी आफिस के शिकायत सेल में तहरीर देकर मौत पर लेकर सवाल उठाए। उनका कहना था कि बेटे के मरने की खबर उन्हें दूसरे माध्यम से क्यों दी गई। इधर एसपी सिटी श्वेता चौबे का कहना हैं कि पोस्टमार्टम में मौत की सही वजह सामने आ जाएगी।