आदमखोर गुलदारों ने 'कब्जाए' पहाड़, किया एक और शिकार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में लगातार गुलदार द्वारा लोगों पर आक्रमण करने और मारने की घटनाएं सामने आ रही हैं। जिससे इन इलाकों में रहने वाले लोगों के कभी गुस्सा तो कभी दहशत दिख रही है।
गढ़वाल में तहसील श्रीनगर के अंतर्गत ग्राम पंचायत भटोली में रविवार को गुलदार ने खेत में काम कर रही एक महिला को मार डाला। गुलदार ने महिला का सिर धड़ से अलग कर दिया। धड़ को झाडिय़ों से बरामद कर लिया गया है, जबकि सिर नहीं मिला है।
इस घटना से पूरे क्षेत्र में दशहत फैल गई है। आक्रोशित ग्रामीणों ने गुलदार को मारने की मांग की है। घटनाक्रम के अनुसार, श्रीनगर से लगभग 18 किलोमीटर दूर देवलगढ़ के समीप भटोली गांव की 49 वर्षीय राजेश्वरी देवी पत्नी धर्म सिंह शाम लगभग पांच बजे खेतों में निराई-गुड़ाई करने गई थी।
खेत घर से लगभग 200 मीटर दूर हैं। इसी दौरान झाड़ियों में घात लगाकर बैठे गुलदार ने महिला की गर्दन पर दांत गड़ा दिए। घटनास्थल से तीन-चार खेत ऊपर खेतों में काम कर रही एक महिला ने जब तक मदद के लिए चिल्लाई, तब तक गुलदार महिला को लगभग 200 मीटर नीचे ले गया।
झाड़ियों में फंसा दिखाई दिया शव
महिला के अनुसार खेतों में दो गुलदार थे। हमला एक ने ही किया। महिला के चिल्लाने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने महिला की तलाश की तो झाड़ियों में फंसा शव दिखाई दिया।
बड़ी मुश्किल से शव निकाला गया। लेकिन शव से सिर गायब था। माना जा रहा है कि शव के झाड़ी में फंसने पर गुलदार ने सिर को अपने पंजों से खींचकर अलग कर लिया। ग्राम प्रधान सुलोचना देवी और भूपेंद्र प्रसाद ने बताया कि सिर की काफी तलाश की गई, लेकिन नहीं मिला।
ग्रामीण शव को गांव में ले आए हैं। ग्रामीण वन विभाग और राजस्व विभाग के अधिकारियों का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने रोष जताया कि क्षेत्र में पूर्व में भी गुलदार के हमले की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन वन विभाग ने इसको गंभीरता से नहीं लिया। इधर, एसडीएम रजा अब्बास ने बताया कि राजस्व और पुलिस विभाग के कर्मी गांव में पहुंच गए हैं।
मृतका के हैं तीन बच्चे
श्रीनगर। गुलदार के हमले में मारी गई महिला के तीन बच्चे हैं। एक बेटा जीप चलाता है। जबकि दूसरा प्राइवेट नौकरी करता है। बेटी की शादी हो चुकी है। पति धर्म सिंह गांव में दिहाड़ी-मजदूरी करता है।