भूस्खलन से कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग पर आया मलबा, अब वायु सेना के हेलीकॉप्टर से जाएंगे यात्री
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग की संवेदनशीलता को देखते हुए अब कैलाश यात्रा गुंजी तक हेलीकाप्टर से संचालित होगी। कैलाश यात्रियों को पिथौरागढ़ हवाई पट्टी से सीधे गुंजी ले जाया जाएगा। इसके लिए वायु सेना के चार हेलीकाप्टर मंगाए गए हैं।
कैलाश मानसरोवर यात्रा का दूसरे दल का रूट भी बदल दिया गया है। दल के यात्री रविवार को दिन में लगभग 2.30 बजे पिथौरागढ़ पहुंचेंगे। मौसम अनुकूल रहने पर हेलीकाप्टर सोमवार की सुबह कैलाश यात्रियों को लेकर गुंजी के लिए उड़ान भरेगा।
जिला प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार वायु सेना के हेलीकाप्टरों को शनिवार की शाम तक यहां पहुंचना था। मौसम लगातार खराब होने से रविवार को भी हेलीकाप्टर नहीं पहुंच पाए। कैलाश यात्रियों को हेलीकाप्टर से मौसम अनुकूल होने पर ही गुंजी भेजा जाएगा। यदि मौसम खराब रहा तो यात्रा दल को पैदल ही बेस कैंप के लिए रवाना होना पड़ेगा।
पिथौरागढ़ के जिलाधिकारी सी रविशंकर ने बताया कि नजंग के समीप यात्रा मार्ग संवेदनशील है। उसकी लगातार निगरानी रखी जा रही है। सभी पड़ावों में केएमवीएन की ओर से राशन सहित अन्य व्यवस्थाएं पूरी तरह से दुरुस्त की गई हैं। मार्ग की संवेदनशीलता को देखकर ही हैलीकाप्टर से कैलाश यात्रियों को गुंजी तक ले जाने की योजना है।
उन्होंने कहा कि, कैलाश यात्रा मार्ग में पैदा हो रही दिक्कतों को देखते हुए कैलाश यात्रियों को हेलीकाप्टर से सीधे गुंजी पहुंचाने का निर्णय लिया गया है। विदेश मंत्रालय के निर्देश के बाद वायु सेना के माध्यम से हेलीकाप्टरों की व्यवस्था की गई है।
वायु सेना के चार हेलीकाप्टर यहां पहुंचेंगे। उन्होंने बताया कि वायु सेना की प्लानिंग के अनुसार तीन हेलीकाप्टर यात्रियों को पिथौरागढ़ हवाई पट्टी से गुंजी हैलीपेड ले जाएंगे। एक हेलीकाप्टर रिजर्व में रखा जाएगा। यदि मौसम अनुकूल रहा तो हेलीकाप्टरों के यहां पहुंचते ही सोमवार की सुबह यात्रियों को गुंजी भेजा जाएगा।