पढ़ें, दिलेर युवती ने कैसे छुड़ाए वहशी मजनू के छक्के
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देहरादून की जीएमएस रोड पर मंगलवार की सुबह एक दिलेर युवती ने बदनियती से आए मजनू के छक्के छुड़ा दिए। युवती ने हिम्मत दिखाते हुए छेड़छाड़ करने वाले युवक का हाथ दांत से काट लिया। मामला उलटा पड़ता देखकर आरोपी फरार हो गया।
जीएमएस रोड के मोहित नगर निवासी महिला रोज की तरह मंगलवार को भी सुबह टहलने निकली थी। इसी बीच स्कूटी से आए युवक ने बदनियती से युवती से छेड़छाड़ शुरू कर दी। युवती ने विरोध किया तो युवक गुस्से में आ गया।
आरोपी ने युवती का मुंह दबाकर जबरदस्ती करने की कोशिश की। युवती ने हाथापाई करते हुए आरोपी के हाथ पर दांत से काट दिया। युवती के शोर मचाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर स्कूटी लेकर फरार हो गया।
मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। आरोपी की तलाश में घेराबंदी की गई। लेकिन वह भागने में कामयाब रहा। युवती की दिलेरी से एक बड़ी अनहोनी बच गई। हालांकि खबर लिखे जाने तक पुलिस मामले की जानकारी से इनकार कर रही थी। बता दें कि दून में छेड़छाड़ की घटनाओं में तेजी से इजाफा हो रहा है।
दोस्ती न करने पर शिक्षिका को धमकी
देहरादून में दोस्ती स्वीकार न करने पर एक शिक्षिका को सिरफिरे द्वारा फोन पर बदतमीजी करने के साथ जान से मारने की धमकी दी गई थी। इस मामले में दो दिन पहले शिकायत पर कार्रवाई नहीं हुई तो मंगलवार को पीड़िता से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मिलकर शिकायत दर्ज कराई है।
सहसपुर थाना क्षेत्र की पीड़िता ने बजरंग दल के जिला संयोजक अमित तोमर के साथ एसएसपी पुष्पक ज्योति से मिलकर बताया कि 24 फरवरी को उसके मोबाइल पर एक नंबर से काल आई। फोन करने वाले ने दोस्ती का प्रस्ताव दिया।
विरोध किया तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग किया। एक मार्च को सात बार फोन कर दोस्ती न करने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस को इसकी शिकायत की गई, लेकिन किसी तरह की कार्रवाई नहीं है।
सोमवार को आरोपी ने फिर फोन कर स्टडी सेंटर से उठाकर ले जाने की धमकी दी है। कप्तान ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस को कार्रवाई केनिर्देश दिए।