'बेटी के रेप की कीमत लगा रहे हैं मुख्यमंत्री'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड के हल्द्वानी में दरिंदगी का शिकार हुई सात साल की बच्ची के पिता मुख्यमंत्री की ओर से दस लाख रुपये देने के ऐलान पर पर काफी मर्माहत हैं। रोते हुए पिता ने पूछा कि क्या मुख्यमंत्री उनकी बेटी के बलात्कार की कीमत लगा रहे हैं? क्या किसी की हत्या और बलात्कार की भरपाई पैसों से हो सकती है?
यदि मुख्यमंत्री बलात्कारी को सौंप दें तो हम 50 लाख देने को तैयार हैं। कहा कि इस मामले में शासन-प्रशासन का रवैया बेहद अफसोस जनक रहा है।
रोते हुए बोले घटना के सात दिन बाद भी मुख्यमंत्री सांत्वना देने के लिए उनके पास नहीं आए। दबाव पड़ने पर उन्होंने घोषणा कर दी कि वह सरकार की तरफ से दस लाख मुआवजा देंगे। पिता ने मुआवजे को ठुकरा दिया और कहा कि उन्हें कातिल और बलात्कारी चाहिए, मुआवजा नहीं।
सीएम बलात्कारी सौंपे, वह 50 लाख देंगे
बेटी के पिता ने आगे कहा कि यदि मुख्यमंत्री बलात्कारी उन्हें सौंप दें तो वह 50 लाख देने को तैयार हैं। जब तक बलात्कारी गिरफ्तार नहीं होता तब तक वह हल्द्वानी में जनता के साथ रहेंगे। पिता की बातें सुनकर वहां खड़े कई लोगों की आंखें डबडबा गईं। लोग लाडली के पक्ष में नारे लगाने लगे।
पिता ने कहा कि यहां बेटी के अपहरण के बाद जनता ने उनका भरपूर साथ दिया, जबकि पुलिस लापरवाही बरत रही है। बेटी के अपहरण के दूसरे दिन उनके बड़े भाई ने ट्रक चालक को पकड़ लिया था, लेकिन पुलिस ने उसे छोड़ दिया।
अब पुलिस उसी चालक को ढूंढ रही है। पूछने पर पता चला कि यहां चालक का पता किसी के पास नहीं है। बड़े ताऊ ने इस मामले में बाहर से आए लोगों का पुलिस सत्यापन करने की मांग की है। पत्रकारों के समक्ष पिता अपनी लाडली को याद कर फफक कर रोने लगे। इसके बाद वहां मौजूद लोग पिता और ताऊ को संभालकर ले गए।