महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत: माता पिता का आरोप- दूसरी औरत के लिए दामाद ने हमारी बेटी को मार डाला
Kotdwar News: वनकर्मी आमान खान अपने परिवार के साथ रहता है। रविवार शाम को उसकी पत्नी तहजिबा (19) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
विस्तार
कालागढ़ की नई कॉलोनी में एक वनकर्मी पर अपनी पत्नी का गला घोंटकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगा है। मृतका के पिता ने पुलिस को तहरीर दी है, जिसमें पति सहित ससुराल के अन्य सदस्यों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने दामाद पर दूसरी महिला से प्रेम प्रसंग का भी आरोप लगाया। वहीं, कोटद्वार में मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराया गया है।
कालागढ़ के आवास संख्या बी-227 में वनकर्मी आमान खान अपने परिवार के साथ रहता है। रविवार शाम को उसकी पत्नी तहजिबा (19) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पोस्टमार्टम के लिए शव को बेस अस्पताल कोटद्वार ले जाया गया, जबकि आमान खान को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
जानकारी के मुताबिक आमान खान का विवाह बिजनौर के कासमपुरगढ़ी निवासी मंसूर खान की बेटी तहजिबा से इसी साल जनवरी (2025) में हुआ था। तहजिबा के पिता मंसूर खान का कहना है कि उन्होंने तहजिबा को फोन किया तो किसी ने नहीं उठाया।
कुछ देर बाद पड़ोसियों से पता चला कि तहजिबा की मौत हो गई है। यह सुनते ही वे अपनी दूसरी बेटी के साथ कालागढ़ पहुंचे तो देखा कि तहजिबा का शव पलंग पर पड़ा था और घर से सभी लोग फरार थे। मंसूर खान ने आरोप लगाया कि ससुराल वाले तहजिबा को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित कर रहे थे।
Kedarnath Helicopter Crash: 'हेलिकॉप्टर थोड़ा मुड़ा, पीछे की तरफ गया और फिर...', सामने आया हादसे का असल कारण
सास, ननद, भाई और भाभी पर भी लगाया आरोप
मंसूर खान ने दामाद आमान खान के अलावा बेटी की सास, ननद, भाई और भाभी पर तहजिबा का गला घोंटकर हत्या करने का सीधा आरोप लगाया है। उन्होंने अपनी तहरीर में एक लड़की का नाम भी लिखा है, जिसके साथ आमान खान के प्रेम संबंध होने की बात कही गई है। मंसूर खान का आरोप है कि इसी प्रेम प्रसंग की वजह से उनकी बेटी तहजिबा की हत्या कर दी गई।
फोरेंसिक जांच से खुलेगा राज
सीओ कोटद्वार, निहारिका सेमवाल ने बताया कि महिला की मौत के मामले में पिता की तहरीर पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी आमान खान को हिरासत में ले लिया है। पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने साक्ष्यों को सुरक्षित रखने के लिए आमान खान के मकान को ताला लगाकर सील कर दिया है।