'एनडी तिवारी ने सीएम रावत को सिखाई विनम्रता'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष किशोर उपाध्याय मुख्यमंत्री हरीश रावत की खूबियां गिनाते हंसकर बोले कि ‘एनडी तिवारी से बहुत से गुण सीख कर सीएम विनम्र हो गए हैं।’ फिर तेवर बदल विरोधियों पर भी बरसे, बोले- मुख्यमंत्री को कुछ सांप्रदायिक शक्तियां कमजोर करने की कोशिश कर रही हैं। इनका डटकर मुकाबला करेंगे।
लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के शहादत दिवस को कांग्रेसियों ने शुक्रवार सद्भावना दिवस के तौर पर मनाया। इस मौके पर कांग्रेस भवन से कचहरी स्थित शहीद स्थल तक सद्भावना रैली निकाली गई।
शहीद स्थल पर सभा को संबोधित करते हुए उपाध्याय ने बताया कि सीएम दिल्ली में हैं, इसलिए नहीं आ पाए। हालांकि कार्यक्रम की रूपरेखा उन्होंने ही तैयार की थी। शहीद स्थल पर कांग्रेसियों के जूता-चप्पल पहनकर चढ़ जाने पर एक राज्य आंदोलनकारी ने एतराज किया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष उपाध्याय के बाद वन मंत्री दिनेश अग्रवाल ने सीधे भाजपा पर हमला किया। उन्होंने कहा कि भाजपा कांग्रेस की विरासत छीन रही है।
उनके पास कोई ऐसा नेता ही नहीं है, इस कारण भाजपा सरदार पटेल, पंडित नेहरू को अपना रही है। सभा में बोलने का मौका न मिलने पर कई कांग्रेसी नाराज हो गए। इस दौरान अग्रवाल को छोड़कर कोई और मंत्री नहीं आया। विधायक राजकुमार, राजेंद्र शाह, दीप वोरा, लालचंद्र मिश्र आदि रहे।
भाजयुमो की ‘रन फॉर यूनिटी’
सरदार वल्लभ भाई पटेल के जन्म दिवस पर भाजपाइयों ने राष्ट्रीय एकता के लिए रन फॉर यूनिटी दौड़ आयोजित की। मौके पर भाजपाई हाथों में सरदार पटेल की तस्वीर लिए थे। शुक्रवार को देश की पहली महिला प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी का शहादत दिवस भी था, लेकिन कांग्रेसियों के अलावा किसी ने उन्हें याद नहीं किया।
भाजयुमो के बैनर तले रन फॉर यूनिटी का आयोजन भाजपा महानगर कार्यालय से किया गया था। मोर्चा कार्यकर्ता परेड ग्राउंड, ग्लोब चौक, राजपुर रोड, गांधी पार्क, घंटाघर, दर्शनलाल चौक, बुद्धा चौक होते वापस महानगर कार्यालय आ गए।
मौके पर विधायक गणेश जोशी, मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष सौरभ थपलियाल, मोर्चा प्रांतीय यूथ एंबेसडर राजेंद्र सिंह ढिल्लो, महानगर अध्यक्ष विपिन राणा, सचिन गुप्ता आदि रहे। भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष वंदन बिष्ट की अगुवाई में हल्दुवाला में बैठक हुई। वक्ताओं ने सरदार पटेल के जीवन और कार्यों के संबंध में विचार व्यक्त किया।
डीएम ने दिलाई राष्ट्रीय एकता की शपथ
राष्ट्रीय एकता दिवस पर जिलाधिकारी चंद्रेश यादव ने अधिकारियों, कर्मचारियों को कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। जिला योजना समिति चुनाव की मतगणना के दौरान जुटे भाजपाइयों ने भी अफसरों के साथ शपथ ली। सुबह सिटी मजिस्ट्रेट जीसी गुणवंत की अगुवाई में राष्ट्रीय एकता के लिए रन फॉर यूनिटी आयोजित की गई। जिलाधिकारी यादव ने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल और स्व. इंदिरा गांधी महान विभूतियां हैं। रन फॉर यूनिटी दौड़ में छात्र-छात्राओं ने शिरकत की। मौके पर एडीएम प्रशासन झरना कमठान, एसडीएम सदर मोहन सिंह बर्निया, डिप्टी कलक्टर मुख्यालय डा. ललित नारायण मिश्र आदि रहे।
जयंती पर याद आए सरदार पटेल
देश के पहले गृहमंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर शुक्रवार को उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। घंटाघर स्थित पटेल पार्क में उनकी प्रतिमा को गंगाजल से स्नान कराया गया। इसके बाद पार्क में साफ-सफाई की गई। शुक्रवार को सरदार वल्लभ भाई पटेल विचार मंच कार्यकर्ताओं ने पटेल जी को श्रद्धांजलि दी। मंच अध्यक्ष जीवन सिंह ने कहा कि सरदार पटेल अखंड भारत के निर्माता थे। मौके पर राजकुमार त्यागी, मेहताब, केडी शर्मा, प्रताप राणा, कमलेश राणा, प्रेमपाल, रानी कौर, प्रभात डंडरियाल, आरसी सचान, एएल कटियार आदि रहे।
मनाया राष्ट्रीय एकता और संकल्प दिवस
नेताजी संघर्ष समिति ने शुक्रवार को लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई। देश की प्रथम महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि को राष्ट्रीय संकल्प दिवस के तौर पर मनाया। समिति अध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने कहा कि पटेल की कुर्बानियों की दास्तां बेमिसाल है। अखंड भारत पटेल की ही देन है।
हमें उनके राष्ट्रीय एकता का सपना साकार करने के लिए काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रथम महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी तेज गति से देश को विकास की ओर ले गई। इस दौरान समिति संरक्षक अरुण हांडा, प्रभात डंडरियाल, आरिफ हुैसन वारसी, अरुण खरबंदा आदि रहे।
पटेल जयंती पर एकता मार्च
सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर शुक्रवार को एकता मार्च निकाला गया। जन संगठन ने यह मार्च नगर निगम से घंटाघर स्थित पटेल पार्क तक निकाला। इसमें कई इंस्ट्ीट्यूट के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। संगठन पदाधिकारियों ने सरदार पटेल की प्रतिमा का माल्यार्पण कर उनके आदर्शों पर चलने की अपील की। उत्तराखंड मानवाधिकार आयोग सदस्य जस्टिस राजेश टंडन, विनोद बर्थवाल, डा. आर के वर्मा, सुनील अग्रवाल, कुलदीप चौधरी, सुरेश शर्मा, समरजीत सिंह, प्रदीप जैन, सुनील गुप्ता, पीयूष अग्रवाल, सत्येंद्र बेरी, अनिल मित्तल, राकेश बलूनी, कुलदीप बलूनी आदि रहे।