खलंगा रन: गोरखा शहीदों के सम्मान में दौड़ा दून
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
खलंगा रन के आयोजन के साथ ही गोरखा द्विशताब्दी महोत्सव की बृहस्पतिवार को शुरूआत हो गई। 8.7 किलोमीटर की इस दौड़ में युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने बड़े उत्साह से भाग लिया। दौड़ के विजेताओं को आईएमए के कमांडेंट लेफ्टिनेंट जनरल बलवंत सिंह नेगी और अंतरराष्ट्रीय धावक रोशनी राई ने सम्मानित किया।
बृहस्पतिवार सुबह दौड़ में हिस्सा लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग सहस्त्रधारा रोड स्थित खलंगा स्मारक स्थल पर एकत्र हुए। यहां स्थापित गोरखा सेना के सेनानायक बलभद्र के स्मारक पर नमन करने के बाद गोरखा समुदाय की शौर्य गाथा के बारे में वक्ताओं ने जानकारी दी। आईएमए के कमांडेंट ले. जनरल नेगी ने कहा कि गोरखाओं की वीरता का हर कोई कायल है। हिंदुस्तानी फौज में शामिल गोरखा सैनिक विश्व की विभिन्न लड़ाइयों में अपनी जांबाजी का परिचय देने पर सम्मानित होते रहे हैं।
खलंगा पहाड़ी की चोटी पर पहुंच दौड़ हुई संपन्न
ले. जनरल नेगी ने आश्वस्त किया कि आईएमए के स्तर से इस आयोजन में हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। इसके बाद ले. जनरल नेगी और धावक रोशनी राई ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया।
दौड़ के लिए अधिकतम समय एक घंटे 15 मिनट निर्धारित था। खलंगा पहाड़ी की चोटी पर स्थित खलंगा स्मारक पहुंचकर पंडितों ने पारंपरिक विधिविधान से पूजा अर्चना की और शंखनाद कर सभी मौजूद लोगों ने वीर गोरखा सैनिकों को याद किया।
बाद में समीप ही स्थित सागर ताल स्थल पर गोरखा राइफल के सैनिकों ने सेना की वर्दी में खुखरी डांस कर लोगों में जोश भर दिया। इस अवसर पर ले. जनरल शक्ति गुरुंग, मधु गुरुंग, ले. जनरल राम प्रधान, अनिता प्रधान, गोरखाली सुधार सभा के अध्यक्ष कर्नल बीएस क्षेत्री, ब्रिगेडियर पीएस गुरुंग, ब्रिगेडियर सीबी थापा आदि मौजूद रहे।
नियमित अभ्यास और अनुशासन जरूरी : राई
खलंगा दौड़ में पहुंची दार्जिलिंग निवासी अंतरराष्ट्रीय धावक रोशनी राई ने कहा कि गोरखाओं के शौर्य गाथा स्थल पर आकर बहुत अच्छा लग रहा है। खलंगा रन का आयोजन भी अच्छी पहल है। उन्होंने कहा कि सफल एथलीट के लिए नियमित अभ्यास और अनुशासन बहुत जरूरी है। युवा पीढ़ी को इन दोनों बातों पर ज्यादा ध्यान देना चाहिए।
लंबी दौड़ के लिए धीरे-धीरे बढ़ाएं दूरी : पल्लवी
महिलाओं के 36 से 50 वर्ष आयु वर्ग दौड़ में प्रथम स्थान पर रही आईएमए की कैप्टन पल्लवी सिंह ने कहा कि वह जम्मू कश्मीर से हैं। अगर युवाओं को लंबी दौड़ में आगे बढ़ना है तो वे शुरूआत में रोजाना एक किलोमीटर दौड़ लगाएं। धीरे-धीरे दूरी बढ़ाते चलें। निश्चित तौर पर अच्छे एथलीट बन सकेंगे।
आर्मी में आने को और प्रेरित होंगे युवा : विनोदिता
महिलाओं के 36 से 50 वर्ष आयु वर्ग दौड़ में दूसरे स्थान पर रही जयपुर निवासी आईएमए में मेजर विनोदिता राठौड़ ने कहा कि दौड़ का आयोजन काफी अच्छा रहा। युवकों, महिलाओं, बुजुर्गों में दौड़ के प्रति गजब का उत्साह नजर आया। इससे युवा आर्मी में शामिल होने के लिए और प्रेरित होंगे।