{"_id":"0baf0920ad1b4404ef6b1523bb5cc927","slug":"keedha-jadhi-create-problem-in-voting","type":"story","status":"publish","title_hn":"यह जड़ी मतदान में करेगी मुसीबत खड़ी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
यह जड़ी मतदान में करेगी मुसीबत खड़ी
धारचूला से अनूप वाजपेयी
Updated Sun, 27 Apr 2014 05:04 PM IST
विज्ञापन
तवाघाट प्रदेश में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए चुनाव आयोग तरह-तरह की तरकीब अपना रहा है।
विज्ञापन
कीड़ा जड़ी के लिए कूच कर रहे लोग
जबकि धारचूला विधानसभा से जुडे़ हजारों परिवार कीड़ा-जड़ी यानि यारसागंबू की खोज में हर साल की तरह अभी से बर्फीले पहाड़ नज्यांग आदि की ओर कूच करने लगे हैं।
चूंकि कीड़ाजड़ी से यहां के लोगों को सालाना मोटी आमदनी होती है इसलिए परिवार के लगभग सभी बडे़-छोटे सदस्य इस काम के लिए निकल पड़ते हैं।
सात मई को प्रदेश में वोट डाले जाने हैं ऐसे में जिला प्रशासन और राजनीतिक दलों के लिए इतनी बड़ी संख्या में लोगों का वोट न करना मुसीबत खड़ी कर सकता है।
धारचूला के आगे दारमा घाटी, चौदास घाटी और व्यास घाटी में मतदान कराना वैसे भी आपदा के बाद चुनौती बना लेकिन इस सीजन में चुनाव होने से मतदान प्रतिशत हर हाल में कम रहने वाला है।
विज्ञापन
पिथौरागढ़ के जिलाधिकारी एचसी सेमवाल का कहना है कि हमारी पूरी कोशिश है वोट प्रतिशत बढे़ लोगों को जागरूक कर उनके अधिकार और वोट की कीमत बताई जा रही है।
दरअसल उंचे पहाड़ों में जिस समय बर्फ पिघलने लगती है उसकी तलहटी की घास में एक खास किस्म का कीड़ा पाया जाता है जो भीषण ठंड में भी जिंदा रहता है। इसका इस्तेमाल दवा निर्माता कंपनी कामोत्तेजक व अन्य मंहगी दवाओं में करते हैं।
विज्ञापन
नेपाल के रास्ते कीड़ा जड़ी जाती है विदेशी बाजार
इस इलाके में कीड़ा-जड़ी की स्मगलिंग भी होती है। चीन और नेपाल के रास्ते कीड़ा जड़ी विदेशी बाजार में जाती है। कीड़ाजड़ी को लेकर भारतीय बाजार भी तैयार रहता है।
वैसे तो मदकोट में इसका बाजार है। लेकिन खरीदार उन इलाकों तक पहुंच जाते हैं ताकि असानी से उन्हें कीड़ाजड़ी मिल सके।
कीड़ाजड़ी व्यवसाय से जुडे़ लोगों का कहना है कि एक किलो की कीमत आठ से पंद्रह लाख रुपए तक होती है।
कम से कम एक परिवार लाख से डेढ लाख की कीड़ाजड़ी निकाल लेता है। धारचूला के आसपास के गांवों पांगला, सिंफोला, सिरदांग, जयकोट, राथी, गर्बा, शाकुरी, जिप्ती और बुदि आदि से लोग ऊपरी इलाकों की ओर जाने लगे हैं।
करीब तीन महीने तक आसपास के लोग पहाड़ों में ही बसेरा करते हैं। इतना ही नहीं आसपास खानपान की दुकानें भी सज जाती हैं।
धारचूला विधानसभा कांग्रेस के पास है। विधायक हरीश धामी जातिगत आधार पर यहां अच्छी दखल रखते हैं। कांग्रेस को भी यह सीजन सूट नहीं कर रहा है। हरीश धामी कहते हैं कि लोगों से मतदान की अपील करूंगा।