जोरदार बारिश से खतरनाक हुई केदारनाथ की राह, यात्रा रुकी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जोरदार बारिश से गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग शुरुआती पांच किमी तक तीन
उत्तराखंड के कई इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी के बीच रविवार का दिन आशंका और सतर्कता में बीता। शनिवार रात की गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग तीन स्थानों पर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इसके चलते रविवार को केदारनाथ की पैदल यात्रा नहीं चल पाई।
उधर, सोमवार की सुबह भी केदारनाथ यात्रा शुरू नहीं हो पाई। सोमवार को केदार घाटी में आसमान में बादल छाए रहे। रविवार को दर्शन कर पैदल मार्ग से लौट रहे 378 यात्रियों को पुलिस और एसडीआरएफ के जवानों ने सुरक्षित गौरीकुंड व सोनप्रयाग तक पहुंचाया। चेतावनी के मद्देनजर शासन-प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। स्थिति पर निगाह रखी जा रही है।
केदारनाथ पैदल रास्ते की मरम्मत और वैकल्पिक व्यवस्था के लिए मजदूर, पुलिस और एसडीआरएफ के जवान मौके पर पहुंचे। स्थितियां विकट होने के कारण चीरबासा में शाम तक बमुश्किल जाने लायक रास्ता बन सका। लेकिन देर शाम पहाड़ी से मलबा आने के कारण मार्ग फिर बंद हो गया। जंगलचट्टी और भीमबली के पास दो जगह रास्ता बंद है।
रविवार को दिन में तीन बजे के बाद से पैदल मार्ग वाले इलाके में फिर बारिश होती रही। ऐसे में मौसम ठीक रहा तभी पैदल मार्ग सोमवार को खुल पाएगा और यात्रा चल पाएगी। इससे पहले भी 25 जून से 01 जुलाई तक खराब मौसम और क्षतिग्रस्त रास्तों के चलते केदारनाथ यात्रा बंद रही।
बद्रीनाथ और हेमकुंड साहेब की यात्रा सोमवार को जारी रही। हालांकि भारी बारिश के अलर्ट से यात्रा धीमी पड़ी है। बद्रीनाथ में सोमवार को बद्रीनाथ दर्शन के लिए 220 यात्री पहुंचे। हेमकुंड की यात्रा के लिए गोविन्द घाट से 88 यात्रियों का जत्था घांघरिया के लिए रवाना हुआ। चमोली के डीएम अशोक कुमार ने बताया के यात्रियों को बारिश होने पर सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की अपील की गयी है। दोनों धामों की यात्रा सुचारू है।
बदरीनाथ की यात्रा रविवार को भी चलती रही लेकिन पूरी सतर्कता बरती गई। बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब यात्रा के प्रमुख पड़ाव जोशीमठ पहुंचकर चमोली के डीएम अशोक कुमार ने यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वे अगले तीन दिनों तक जोशीमठ में ही कैंप करेंगे।
सोमवार मौसम पर निर्भर रहेगी यात्रा
खराब मौसम के कारण सोमवार की यात्रा को लेकर संशय की स्थिति है। रुद्रप्रयाग प्रशासन का कहना है कि केदारनाथ यात्रा अब पूरी तरह से मौसम पर निर्भर है, जो भी परिस्थितियां होंगी उसी के आधार पर सोमवार को निर्णय लिया जाएगा।
चमोली जिले के डीएम ने भी कहा कि भारी बारिश की सूरत में तीर्थयात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोक लिया जाएगा। वैसे, बैनाकुली में बदरीनाथ हाईवे पर भूस्खलन से यात्रा वाहन रविवार को भी रेंगकर ही चलते रहे।
केदारनाथ पैदल मार्ग की कहां क्या स्थिति
- केदारनाथ पैदल मार्ग गौरीकुंड से करीब पांच सौ मीटर आगे चीरबासा में भूस्खलन के कारण बाधित है।
- जंगलचट्टी पड़ाव से 50 मीटर पहले पहाड़ी से भारी बोल्डर आने के कारण गदेरे पर बनी पैदल पुलिया ढह गई।
- जंगलचट्टी-भीमबली के बीच भूस्खलन से मार्ग बाधित है। ऐसे में पैदल मार्ग पर आवाजाही पूरी तरह बंद रही।
नौ तक जारी रहेगा बारिश का सिलसिला
सोमवार को शाम तक कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग के मुताबिक चारधाम यात्रा मार्गों पर नौ जुलाई तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।
मौसम विभाग के निदेशक आनंद शर्मा ने बताया कि अल्मोड़ा, चंपावत, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर में भारी बारिश हो सकती है। सोमवार शाम तक अतिरिक्त एहतियात बरतने की जरूरत है। बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री और हेमकुंड साहिब में छह जुलाई की शाम तक अपेक्षाकृत भारी से भारी (40 से 80 मिमी) बारिश हो सकती है।
सात, आठ, नौ जुलाई को चारधाम यात्रा से जुड़े क्षेत्रों में अपेक्षाकृत भारी बारिश का खतरा है। लिहाजा उन्होंने ऐसे स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी है, जहां भूस्खलन का खतरा है।