बिगड़ा मौसम, प्रशासन ने रोकी केदारनाथ यात्रा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केदारघाटी में हो रही बारिश और सोनप्रयाग से आगे मार्ग की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने फिर 26 जुलाई तक केदारनाथ यात्रा स्थगित कर दी है।
वहीं, 24 जुलाई से यात्रा फिर शुरू होने की आस में सोनप्रयाग तक कांवड़ यात्री पहुंच गए हैं। जिला प्रशासन ने सोनप्रयाग से आगे यात्रियों की आवाजाही पर पाबंदी लगी होने से वे आगे नहीं बढ़ पा रहे हैं।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान और मार्गों की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने 16 जुलाई को यात्रा स्थगित की थी। उसके बाद से चार बार यात्रा टाली जा चुकी है। अब 26 जुलाई तक सोनप्रयाग से आगे यात्रियों की आवाजाही पर रोक लगाई है।
रास्तों पर गिर रहे पहाड़ी से पत्थर
सोनप्रयाग से आगे गौरीकुंड तक केदारनाथ हाईवे की स्थिति ठीक नहीं है। सोनप्रयाग में धंसे पैदल पुल को लोनिवि ने तारों के सहारे दोबारा खींच तो लिया है, लेकिन इस पर एक बार में दो-तीन आदमी ही चल सकते हैं।
फिलहाल सोनप्रयाग से आगे गौरीकुंड तक वाहनों का चलना भी संभव नहीं है। कुछ स्थानों पर पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण प्रशासन कोई रिस्क नहीं लेना चाहता है।
वहीं, गुप्तकाशी से लेकर सोनप्रयाग के बीच 100 से 150 कांवड़ यात्री पहुंच गए। उनको उम्मीद थी कि 24 जुलाई से शायद फिर यात्रा शुरू हो जाए।
डीएम का है कहना
मौसम के मिजाज और सोनप्रयाग से गौरीकुंड तक रास्ते की मरम्मत को देखते हुए तीन दिन स्थगित करने का फैसला लिया गया है।
-डॉ. राघव लंगर, डीएम, रुद्रप्रयाग।
बदरीनाथ यात्रा शुरू, 250 यात्री पहुंचे धाम
गोपेश्वर। छह दिनों से ठप पड़ी बदरीनाथ धाम की तीर्थयात्रा बुधवार को सुचारु हो गई है। बैनाकुली में बदरीनाथ हाईवे खुलने के बाद 250 तीर्थयात्री भगवान बदरीनाथ के दर्शनों को पहुंचे।
वहीं, बैनाकुली में अभी भी बदरीनाथ हाईवे खतरनाक बना है। यहां यात्रा वाहन फंस रहे हैं। बुधवार को सुबह करीब 48 तीर्थयात्री वाहनों को बैनाकुली में छोड़कर तीन किमी की पैदल दूरी तय कर हनुमान चट्टी पहुंचे और यहां से बदरीनाथ धाम पहुंचे।
धाम से करीब 150 तीर्थयात्री अपने गंतव्य को रवाना हुए। थानाध्यक्ष बदरीनाथ मुकेश चौहान का कहना है कि बदरीनाथ धाम में तीर्थयात्रियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है।
163 तीर्थयात्री हेमकुंड साहिब रवाना
गोपेश्वर। बुधवार को 163 तीर्थयात्री गोविंदघाट से हेमकुंड साहिब के लिए रवाना हुए। वहीं मंगलवार को घांघरिया पहुंचे 130 तीर्थयात्री बुधवार सुबह नौ बजे हेमकुंड साहिब पहुंचे, जो हेमकुंड के दर्शन कर दोपहर तीन बजे घांघरिया पहुंचे।
पुलिस अधीक्षक चमोली सुनील कुमार मीणा का कहना है कि भारी बारिश होने पर तीर्थयात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोक लिया जाएगा। बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब की तीर्थयात्रा सुचारु चल रही है।