हरिद्वारः 12 दिन से घर में कैद लोगों को मिली 'आजादी'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
12 दिनी कांवड़ मेला समाप्त होने के बाद घरों में कैद हुए हरिद्वार के लोगों को गुरुवार को आजादी मिल गई।
बुधवार को मेले का आखिरी दिन था। मेले के अंतिम चार दिन हरकी पैड़ी के सात किलोमीटर दायरे में लगाया गया वाहनों का प्रतिबंध हटा दिया गया। वन-वे किए गए संपर्क मार्गों से बेरिकेडिंग हटा दिए गए हैं। विक्रम-ऑटो चलने शुरू हो गए हैं।
राष्ट्रीय राजमार्ग भी वाहनों के लिए खोल दिया गया है। तीनों सरकारी अस्पतालों में सुबह आपको डॉक्टर मिलेंगे। विकास भवन के सभी कार्यालयों में भी अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहेंगे। लेकिन कांवड़ मेले के लिए चलाई गई पांच स्पेशल ट्रेनों का संचालन बंद कर दिया गया है।
सभी रास्तों से हटाए बेरिकेडिंग
कांवड़ यात्रा के चलते पुलिस प्रशासन ने भीड़ को कंट्रोल करने के लिए संपर्क मार्गों पर जगह-जगह बेरिकेडिंग लगा दिए थे। ललतारौ पुल से आगे जीरो जोन किए जाने से तीमारदार, मरीज को वाहन में भी नहीं ले जा पा रहे थे।
बैरियर लगाने से स्टाफ को भी आवागमन में भारी दिक्कतों को सामना करना पड़ रहा था। लेकिन गुरुवार से सभी रास्ते खोल दिए गए हैं। किसी मरीज को महिला, जिला एवं मेला अस्पताल पहुंचने में कोई परेशानी नहीं होगी।
हाईवे से होकर गुजरेंगे वाहन
कांवड़ मेले के चलते दिल्ली जाने वाली बसों को वाया बिजनौर, चंदक, मोदीनगर होते हुए भेजा जा रहा था। इसकी वजह से परिचालक यात्रियों से 13 रुपए ज्यादा किराया वसूल रह थे। यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचने में समय भी ज्यादा लग रहा था।
शिमला जाने वाली बसों को वाया पांवटा साहिब, चंडीगढ़ के रास्ते भेजा जा रहा था। इस रास्ते यात्रियों को करीब 58 रुपए किराया देना पड़ रहा था। लेकिन बुधवार को कांवड़ मेला समाप्त होने के बाद सभी बसें हाईवे से चलनी शुरू हो गई हैं। रोडवेज प्रशासन का कहना है कि गुरुवार से वाल्वो सहित सामान्य बसें अपने निर्धारित समय और रूट से चलेंगी।
नहीं आएंगी कांवड़ स्पेशल
कांवड़ मेले के लिए दो अगस्त से शुरू की गई पांच जोड़ी कांवड़ स्पेशल ट्रेन गुरुवार से नहीं आएंगी। इन ट्रेनों का संचालन हरिद्वार-ऋषिकेश, बरेली-हरिद्वार, दिल्ली-बिजनौर-हरिद्वार, दिल्ली-शामली-हरिद्वार, दिल्ली-सहारनपुर-हरिद्वार के मध्य किया गया था।
डीएलएस एक्सप्रेस में कांवड़ियों के लिए दो जनरल कोच बढ़ाए गए थे। बुधवार रात इन कांवड़ स्पेशल ट्रेनों का संचालन बंद कर दिया गया है।
विकास भवन के दफ्तरों में होगा काम
जिला मुख्यालय स्थित विकास भवन के सभी कार्यालयों में गुरुवार से काम सुचारु रूप से चलेंगे। करीब एक सप्ताह से विकास भवन में सन्नाटा पसरा हुआ था।
जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपराज अग्निहोत्री ने बताया कि कई लोग अपने-अपने काम करवाने दफ्तर पहुंचे थे लेकिन फरियादियों की संख्या बेहद कम थी। अक्षय ऊर्जा विभाग की जिला परियोजना अधिकारी वंदना ने बताया कि गुरुवार से सभी विभागों में कामकाज शुरू हो जाएगा।
बुधवार से ही सभी अधिकारियों को अपने-अपने विभाग में ड्यूटी करने के आदेश जारी कर दिए थे। लेकिन गुरुवार से समस्त विभागों में अधिकारी-कर्मचारी ड्यूटी पर रहेंगे। लापरवाही पर कार्रवाई होगी। जनपदवासी अपने-अपने कार्य कराने के लिए विभागों में पहुंचे।
- एचसी सेमवाल, डीएम, हरिद्वार
बुधवार शाम आठ बजे से सभी स्थानों के बैरियर हटा दिए गए हैं। जहां-जहां नए जीरो जोन बनाए गए थे वह भी खोल दिए गए हैं। हरकी पैड़ी, चंडीघाट, सिंहद्वार, ललतारौ पुल सभी स्थानों पर आवाजाही सामान्य हो गई है। कांवड़िए सभी सकुशल लौट गए हैं। किसी को आने जाने में दिक्कत नहीं होगी।
- स्वीटी अग्रवाल, एसएसपी, हरिद्वार
हाईवे पर कांवड़ियों की भीड़ भाड़ लगभग खत्म हो गई है। रोडवेज की सभी बसें ऋषिकुल बस अड्डे तक आ रहीं हैं। बृहस्पतिवार से दिल्ली हाईवे पर रोडवेज बसें दौड़नी शुरू होंगी।
- सुरेश चौहान, एजीएम हरिद्वार रोडवेज