उत्तराखंड: ब्रेक फेल होने से खाई में गिरी जीप, महिला समेत दो की मौत, छह लोग घायल
उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिला मुख्यालय से गडार पापला जा रही जीप मड़ गांव के समीप 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में जीप चालक समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जीप में सवार एक बालिका को खरोंच तक नहीं आई।
जानकारी के मुताबिक बुधवार की शाम पिथौरागढ़ से यात्रियों को लेकर गडार पापला जा रही जीप यूके 05 टीए 3672 मड़ के समीप पतलदेव नामक स्थान पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर जाजरदेवल थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
हादसे में सिलौनी निवासी जीवन चंद्र जोशी की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों के सहयोग से पुलिस ने घायलों को खाई से निकालकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान गंभीर रूप से घायल तिलतड़ निवासी जयंती देवी (55) ने भी दम तोड़ दिया।
ब्रेक फेल होने से हुआ हादसा
मड़ गांव के समीप जो जीप दुर्घटनाग्रस्त हुई उससे चालक पवन कुमार का कहना है कि दुर्घटना जीप के ब्रेक फेल होने से हुई। चालक के अनुसार जब जीप के ब्रेक फेल हुए तो उसने जीप को नियंत्रित करने का बहुत प्रयास किया लेकिन ढलान होने से जीप नियंत्रित नहीं हो सकी। इसके बाद सड़क से नीचे लगभग 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई। उसने बताया कि जीप के खुले होने से अधिकतर यात्री पहले ही छिटक गए थे। जाजरदेवल थाना प्रभारी पीआर आगरी ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया।
ये हुए घायल
हादसे में मुकेश चंद (28) निवासी तिलतड़, मनोज राम (35), विनोद राम (24), उमेद राम (45), रश्मि (16) निवासी पापला और चालक पवन कुमार घायल हो गए। सभी घायलों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर है। इसहादसे में भंडारी गांव निवासी 11 वर्षीय रितु को खरोंच तक नहीं आई।