जामिया में लाठीचार्ज पर देहरादून के छात्र संगठनों में उबाल, एनएसयूआई और एसएफआई ने जताया विरोध
- एनएसयूआई ने केंद्र सरकार का पुतला फूंका, एसएफआई ने राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जामिया मिलिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज का देहरादून के छात्र संगठनों ने भी विरोध जताया है। मंगलवार को विरोध में गांधी पार्क के समक्ष एसएफआई छात्र संगठन के सदस्यों ने प्रदर्शन किया। इसके साथ ही एनएसयूआई छात्र संगठन ने मसूरी एमपीजी कॉलेज गेट पर जमकर प्रदर्शन किया। उन्होंने केंद्र सरकार का पुतला फूंक कर जमकर नारेबाजी की।
मसूरी में एमपीजी कॉलेज गेट के बाहर एकत्र हुए छात्र
एनएसयूआई छात्र संगठन के शहर अध्यक्ष जगपाल सिंह गुसाईं के नेतृत्व में कार्यकर्ता आज एमपीजी कॉलेज गेट के बाहर एकत्र हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार के इशारे पर ही जामिमा यूनिवर्सिटी के छात्रों पर बर्बरता पूर्ण कार्रवाई की गई है। उन्होंने इस कार्रवाई की निंदा की और कहा कि केंद्र सरकार द्वारा देश में अराजकता का माहौल बनाकर फूट डालो राजनीति कर रही है। सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर इस तरह की कार्रवाई बंद नहीं की गई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने नागरिकता संशोधन कानून का विरोध करते हुए कहा कि सरकार देश को मजहब में बांटने की कोशिश कर रही है। जिसका पुरजोर विरोध किया जाएगा। वहीं उन्होंने जामिया के लाठीचार्ज के दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
इसको लेकर एनएसयूआई ने सोमवार को केंद्र सरकार का पुतला फूंका वहीं दूसरी ओर एसएफआई ने डीएम के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा। एनएसयूआई ने जिलाध्यक्ष सौरभ ममगाईं के नेतृत्व में डीएवी कॉलेज परिसर में केंद्र सरकार का पुतला फूंका। ममगाईं ने कहा कि नागरिकता संशोधन एक्ट के तहत दिल्ली में कानून व्यवस्था बनाने की जिम्मेदारी केंद्र की है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार के इशारे पर ही जामिया मिलिया में छात्रों पर बर्बरतापूर्ण कार्रवाई की गई है।
उन्होंने इस कार्रवाई की निंदा की। साथ ही नागरिकता संशोधन एक्ट का भी विरोध जताया। कहा कि अगर सरकार ने इस तरह की कार्रवाई बंद नहीं की तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। शाम को एनएसयूआई की ओर से मशाल जुलूस निकाला गया। इस अवसर पर आदित्य बिष्ट, नमन शर्मा, उत्कर्ष जैन, उदित थपलियाल, शाद सिद्दीकी, हरीश जोशी आदि मौजूद रहे।
एसएफआई ने भेजा राष्ट्रपति को ज्ञापन
स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) उत्तराखंड राज्य कमेटी ने जामिया मिलिया यूनिवर्सिटी के छात्रों पर लाठीचार्ज का विरोध किया है। इसके विरोध में जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया और बाद में जिलाधिकारी सी रविशंकर के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा।
उन्होंने राष्ट्रपति से मांग की है कि वह संविधान विरोधी नागरिकता कानून को तत्काल वापस लेकर जामिया के लाठीचार्ज के दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करें। उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार पर फूट डालो, राजनीति करो का आरोप लगाया है।
इस अवसर पर राज्य अध्यक्ष नितिन मलेठा, सचिव हिमांशु चौहान, राज्य कमेटी सदस्य शैलेंद्र परमार, सैनाली नेगी, मोहित, अरविंद, अमन, ममता, मनीष आदि छात्र मौजूद रहे।