पेयजल के भारी संकट से जूझ रहे ग्राम होरावाला में खराब पड़े हैंडपंपों को ठीक कराने में जल निगम की कोई दिलचस्पी नहीं है। एक साल से पानी की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों का कहना है कि यदि खराब हैंडपंपों को ठीक करा दिया जाए तो कुछ इलाकों में पानी का संकट दूर हो सकता है।।
पिछले साल बरसात के मौसम में होरावाला नदी में आई आपदा के कारण गांव को पानी की सप्लाई देने वाली पेयजल लाइन बह गई थी। इसके बाद से लेकर अभी तक गांव में पानी का गंभीर संकट बना हुआ है। हालांकि इस बीच जल जीवन मिशन के तहत गांव में नई पानी की लाइन डाली गई लेकिन उससे भी ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। होरावाला व गांव के मजरे रजौली में तीन हैंडपंप पिछले काफी समय से खराब हैं। शिकायत के बाद भी जल निगम ध्यान नहीं दे रहा है। ग्राम निवासी अमीर अहमद ने छह महीने पहले जल निगम को एक पत्र लिखकर गांव के खराब पड़े हैंडपंपों में मोटर डालकर उन्हें चालू कराने की मांग की थी। लेकिन इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। ग्राम निवासी सुनील बिजल्वाण, सुरेश, महक सिंह, हरि सिंह, सुमेर चंद शर्मा का कहना है कि जल निगम को गांव में हैंडपंपों को ठीक कराकर उसे चालू करा देना चाहिए। जिससे कुछ क्षेत्रों में पानी की समस्या का समाधान हो सके। उधर जल निगम के अधिशासी अभियंता जितेंद्र सिंह देव का कहना है कि होरावाला में खराब पड़े नलों की जानकारी प्राप्त कर कार्रवाई की जाएगी।