फर्जी IAS मामला: डिप्टी डायरेक्टर से पूछताछ
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एलबीएस अकादमी के फर्जी आईएएस प्रकरण में आखिरकार 15 दिन बाद एसआईटी डिप्टी डायरेक्टर सौरभ जैन तक पहुंच गई। एसआईटी ने देर रात जैन से पूछताछ शुरू की।
सूत्रों का कहना है कि जैन से रूबी चौधरी के आरोपों के साथ ही अकादमी के घालमेल संबंधी सवाल-जवाब किए गए। पुलिस महानिदेशक बीएस सिद्धू ने दावा किया कि केस से जुड़े हर पहलू पर पूछताछ की जाएगी। इससे पहले लाइब्रेरी, सुरक्षा कर्मियों, जनरल ऑफिस और पास ऑफिस में पूछताछ कर बयान दर्ज किए गए।
रूबी चौधरी के मजिस्ट्रेट के सामने 164 के तहत बयान दर्ज होने के बाद एसआईटी की जांच लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासनिक अकादमी पर केंद्रित हो गई है। बृहस्पतिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे एसआईटी की टीम एलबीएस अकादमी में दाखिल हुई।
बताया जाता है कि शाम करीब सात बजे तक टीम ने रूबी प्रकरण में अकादमी में लोगों से पूछताछ की।
अकादमी से अनुमति लेकर देर रात हुई पूछताछ
सूत्रों ने बताया कि एसआईटी ने सबसे अधिक समय लाइब्रेरी में पूछताछ में लगाया। रूबी के अकादमी में सबसे अधिक समय लाइब्रेरी में ही रहने की बात सामने आ चुकी है। एसआईटी को रूबी के घर से भी एलबीएस की लाइब्रेरी से इश्यू किताबें मिली हैं। माना जा रहा है कि इन्हीं सब के बारे में एसआईटी साक्ष्य जुटा रही थी।
एसआईटी सात बजे के करीब अकादमी से बाहर आ गई थी, लेकिन देर रात साढ़े नौ बजे के करीब अकादमी से अनुमति लेकर डिप्टी डायरेक्टर सौरभ जैन से पूछताछ शुरू हुई।
सूत्रों का कहना है कि रूबी द्वारा लगाए गए पांच लाख रुपये के रिश्वत के मामले में अब तक सौरभ जैन का पक्ष सामने नहीं आया था। रूबी और उसका परिवार सौरभ जैन से पूछताछ न किए जाने से एसआईटी पर सवाल उठा रहा था।
पुलिस महानिदेशक बीएस सिद्धू ने बताया कि रात में डिप्टी डायरेक्टर सौरभ जैन से तमाम सवालों को लेकर पूछताछ शुरू हुई है, जो देर रात तक चल रही थी।