महंगा पड़ा 'तमंचे पर डिस्को', IG ने दिए मुकदमा दर्ज करने के आदेश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आईजी संजय गुंज्याल ने हरिद्वार के ढंढेरा गांव में स्वागत समारोह के दौरान वक्फ विकास परिषद के नव नियुक्त उपाध्यक्ष राव सज्जाद खान के हर्ष फायरिंग को संज्ञान में लेते हुए हरिद्वार के एसएसपी से फोन पर बात कर कार्रवाई नहीं होने पर नाराजगी जताई।
नियमानुसार शस्त्र अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कराकर शस्त्र के दुरुपयोग पर कार्रवाई की जाए। आईजी ने पूर्व में आदेश दिए जाने के बाद भी उनका अनुपालन नहीं होने पर इस बात नाराजगी जताई है। भविष्य में इस तरह के मामले में कोताही बरतने पर संबंधित एसओ के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
यह था मामला, देखिए घटना का वीडियो
गौरतलब है कि रविवार को राज्य वक्फ बोर्ड के उपाध्यक्ष पद पर ताजपोशी के जश्न में रुड़की के ढंढेरा गांव में डांस गर्ल ने जमकर ठुमके लगाए थे। मंच पर वक्फ बोर्ड उपाध्यक्ष ने खुद भी डांसरों के साथ ठुमके लगाए थे। यही नहीं मंच पर फायरिंग भी की गई। इस दौरान कांग्रेस विधायक और दर्जाधारी मंत्री प्रणव चैंपियन भी डांसरों पर पैसे उड़ाते देखे गए। नाच और नोटों की बरसात वाला वीडियो उसी दिन वायरल हो गया। इससे यह स्वागत कार्यक्रम विवादों में घिर गया है।
मामला दरगाहों और मस्जिदों का सरंक्षण करने वाले वक्फ के उपाध्यक्ष से जुड़ा होने के कारण आयोजन विवादों में घिर गया है। उलमाओं समेत तमाम लोगों ने नाराजगी जताते हुए ताजपोशी पर ही सवाल उठाए हैं।
प्रदेश में तमाम मस्जिदों, दरगाहों और कब्रिस्तानों का रखरखाव उत्तराखंड वक्फ बोर्ड के जरिये किया जाता है। सरकार ने वक्फ संपत्तियों के विकास के लिए पहली बार उत्तराखंड वक्फ विकास परिषद का गठन कर रुड़की के ढंढेरा निवासी राव सज्जाद को उपाध्यक्ष बनाया है।
वीडियो के लिए क्लिक करें...
ठुमकों पर उलमाओं को एतराज, कहा गैर इस्लामी
उत्तराखंड वक्फ विकास परिषद के पहले उपाध्यक्ष राव सज्जाद की ताजपोशी पर रविवार को ढंढेरा में हुए समारोह में बालाओं के डांस व नोट बरसाने पर उलेमाओं ने सख्त एतराज जताया है।
यह कहते हैं उलमा
धर्म से जुड़े पदों पर चुने गए प्रतिनिधियों को ऐसा काम नहीं करना चाहिए, जिससे समाज में गलत संदेश जाए। आयोजनों में महिला डांसरों को नचाना और पैसे उड़ाना इस्लाम के भी खिलाफ है।
-मौलाना परवश, मदरसा शमसुल उलूम साबरी कलियर, रुड़की।
राव सज्जाद के निर्वाचन पर खुशी हुई। लेकिन जश्न के बारे में सुनकर मायूसी हुई है। महिलाओं से ठुमके लगवाना और तमंचे के साथ नोट उड़ाना वक्फ का विकास नहीं है। ऐसा शख्स इस्लाम के लिहाज से हरगिज वक्फ का जिम्मेदार नहीं बन सकता।
-मुफ्ती शमीम रजा साबरी, मदरसा बरकाते रजा, रुड़की
धार्मिक पद पर निर्वाचित होने के बाद ठुमके लगवाना और महिलाओं से नाच-गाना करवाना बिल्कुल उचित नहीं है। मजहब-ए-इस्लाम इसकी इजाजत बिल्कुल भी नहीं देता है।
-कारी इब्रुल हसन, मदरसा इस्लामिया साबरिया नई बस्ती, रुड़की
यह कहने की आवश्यकता नहीं है कि वक्फ विकास परिषद उपाध्यक्ष की ओर से आयोजित नाच-गाने का कार्यक्रम गलत और नाजायज है।
-मुफ्ती मासूम, मंगलौर, रुड़की
बोले सज्जाद, मैं कांग्रेस का सिपाही हूं और रहूंगा
निलंबन की जानकारी मिली है। ये मेरे खिलाफ किसी ने साजिश रची है। मैंने कोई ठुमके नहीं लगाए न फायरिंग की है। देहरादून से लौटने पर जनता ने पटाखे छोड़कर खुशी मनाई है। खुशी में नाचने वाली युवतियां स्थानीय हैं। यह पंचायत चुनाव में भी प्रचार कर चुकी हैं। मैं कांग्रेस का सिपाही हूं और रहूंगा। मुख्यमंत्री हरीश रावत के हर फैसले का सम्मान करता हूं।
-राव सज्जाद, निलंबित उपाध्यक्ष, उत्तराखंड वक्फ विकास परिषद
अधिकारी बोले
वक्फ विकास परिषद के उपाध्यक्ष राव सज्जाद खान को हटाए जाने के बारे में जिला प्रशासन को अभी तक कोई आदेश नहीं मिला है। जहां तक शस्त्र से सार्वजनिक स्थल पर हवाई फायरिंग करने का सवाल है इस बारे में पुलिस जांच कर रही है। रिपोर्ट आने पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-हरबंस सिंह चुघ, जिलाधिकारी, हरिद्वार
मामले की जांच कराई जाएगी। फायरिंग की बात सही पाए जाने पर लाइसेंस निरस्तीकरण समेत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
-प्रमेंद्र डोबाल, एसपी देहात, हरिद्वार