रुड़की: दहेज के लिए पत्नी को तीन दिन तक बंधक बनाकर मारपीट करने का आरोप, जान से मारने की भी कोशिश
- तीन दिन तक बंधक बनाने का भी आरोप, पुलिस कर रही मामले की जांच
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रुड़की में दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर पति ने पत्नी को तीन दिन तक कमरे में बंधक बनाकर रखा। आरोप है कि पति ने पत्नी को बुरी तरह पीटा और गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की। किसी तरह महिला ने अपनी मां को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद दोनों कोतवाली पहुंचीं और पुलिस को तहरीर दी।
नारसन क्षेत्र निवासी महिला की करीब दस साल पूर्व ढंडेरा निवासी व्यक्ति से शादी हुई थी। शादी के बाद महिला के तीन बच्चे हुए। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति दहेज में एक लाख रुपये की मांग करने लगा। विरोध करने पर उसके साथ आए दिन मारपीट करने लगा। महिला के परिजनों ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना।
आरोप है कि चार दिन पूर्व पति ने मायके से एक लाख रुपये लाने का दबाव बनाया। विरोध करने पर उसके साथ बुरी तरह मारपीट की और एक कमरे में बंधक बना दिया। आरोप है कि तीन दिन तक पति मारपीट करता रहा और गला दबाकर जान से मारने की भी कोशिश की।
मंगलवार शाम महिला ने किसी तरह मोबाइल पर घटना की जानकारी अपनी मां को दी। देर रात मां बेटी के मायके पहुंची और उसे बंधनमुक्त कराया। आरोप है कि पति ने महिला और उसकी मां से मारपीट कर घर से निकाल दिया। बुधवार सुबह पीड़िता ने मां संग सिविल लाइंस कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।