गुलदार को पस्त कर जीती जिंदगी की जंग, 15 मिनट लड़ी लड़ाई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चमोली जिले में मंगलवार को ड्यूटी पर जा रहे होमगार्ड के एक जवान पर रास्ते में घात लगाकर बैठे गुलदार ने हमला कर दिया। जवान ने गुलदार से करीब 15 मिनट तक संघर्ष कर जिंदगी की जंग जीत ली।
संघर्ष में गुलदार ने होमगार्ड के सिर, पीठ और पांव पर नाखून से गहरे घाव कर दिए हैं। आसपास के ग्रामीणों ने जवान को घायल अवस्था में सीएचसी पोखरी में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
त्रिशुला गांव निवासी होमगार्ड रणजीत सिंह पुत्र गोपी सिंह तहसील पोखरी में तैनात है। मंगलवार को वह रोज की तरह सुबह आठ बजे ड्यूटी पर आ रहा था। रास्ते में काफलपानी तोक में घात लगाकर बैठे गुलदार ने उस पर पीछे से हमला कर दिया।
कहा, 'एक बार तो लगा हार जाऊंगा जिंदगी की जंग'
हमले के बाद रणजीत ने हौंसला नहीं खोया और गुलदार से भिड़ गया। उसने पत्थर उठाकर गुलदार के सिर पर पटक दिया। रणजीत ने बताया कि दो बार गुलदार संघर्ष में पीछे हट गया था, लेकिन दहाड़ते हुए वह फिर से गर्दन पर झपट पड़ा। गुलदार ने पीछे से मेरी गर्दन पकड़ी तो मैं खून से लथपथ हो गया। एक बार लगा कि जिंदगी की जंग हार जाऊंगा।
चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों का हो हल्ला सुनकर गुलदार जंगल की ओर भाग गया। ग्रामीण पहुंचे तब तक रणजीत बेहोश हो चुका था। ग्रामीणों ने उसे स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
सीएमओ डॉ. विराज शाह ने बताया कि रणजीत का उपचार करने के बाद स्वस्थ है। उसकी गर्दन, पीठ और पांव पर गुलदार के नाखून के गहरे जख्म हैं, जिन्हें भरने में थोड़ा समय लगेगा।