उत्तराखंड में नए साल के जश्न पर हाई अलर्ट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नए साल के जश्न के मद्देनजर उत्तराखंड के राजाजी और कार्बेट नेशनल पार्क में हाई अलर्ट जारी किया गया है। बड़ी संख्या में सैलानियों के वन्य क्षेत्र पहुंचने पर पार्क प्रशासन ने सुरक्षा बढ़ा दी है।
आला अधिकारी स्थिति पर खुद नजर रख रहे हैं। यही नहीं कुछ समय के लिए पार्क कर्मियों की छुट्टियों पर भी रोक लगाई गई है। कार्बेट और राजाजी नेशनल पार्क प्रशासन के सामने चुनौती है कि कैसे नए साल में पार्क क्षेत्र में शांतिपूर्ण माहौल कायम रहे।
ताकि वन्य जीव विचलित न हों। कार्बेट टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक साकेत बड़ोला के अनुसार पार्क में सैलानियों की भारी भीड़ जमा हो गई है।
इसका असर वन्यजीवों पर न पड़े और वन्य जीव उन्हें कोई नुकसान न पहुंचाएं, इसके लिए सैलानियों को प्रतिबंधित क्षेत्र में न जाने के लिए कहा गया है। आसपास हाई अलर्ट जारी किया गया है, जो 10 जनवरी तक रहेगा। गेस्ट हाउस भरे हुए हैं, ऐसे में सैलानियों को बिना आरक्षण न आने की सलाह दी गई है।
पार्क के भीतर मदिरा तथा मीट के सेवन पर प्रतिबंध है। साउंड सिस्टम बजाने की भी मनाही है। पार्क क्षेत्र में प्रवेश से पहले पर्यटकों के समान की जांच की जा रही है।
संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा गार्ड तैनात किए गए हैं। सैलानियों को पार्क क्षेत्र के भीतर वन विभाग के विशेष वाहनों पर ही ले जाया जा रहा है। निजी वाहनों को भीतर नहीं जाने दिया जा रहा है।
हुड़दंगियों को लेकर भी तैयारी
2014 की विदाई और 2015 के स्वागत के जश्न को लेकर पुलिस ने व्यापक तैयारी की है। पुलिस का अनुरोध है कि जश्न मनाए, आपस में खुशियां बांटे, लेकिन हुड़दंग न करें।
मसूरी से आने-जाने वाले वाहनों की चेकिंग के लिए अलग से व्यवस्था की गई है। कु ठाल गेट पर पहाड़ चढ़ने वाले हर वाहन चालक को एल्कोमीटर लगाने के लिए कहा गया है। ऐसी ही व्यवस्था मसूरी में पहाड़ उतरते समय रहेगी। थाना प्रभारियों के साथ पुलिस उपाधीक्षकों को लगातार भ्रमण करने की हिदायत दी गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पुष्पक ज्योति ने कहा कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई तय है। तीन सवारी पर भी सख्ती से रोक रहेगी। पुलिस को पचास मेटल डिटेक्टर भी चेकिंग के लिए उपलब्ध कराए गए हैं।
नशेबाजों का बच पाना मुश्किल
सिटी पेट्रोल यूनिट एल्कोमीटर केसाथ एस्ले हाल, होटल अकेता, आराघर तिराहा और सेंट ज्यूड्स चौक पर चेकिंग करेगी। इसके अलावा पुलिस घंटाघर, प्रिंस चौक, बल्लूपुर चौक, सर्वे चौक, मंडी तिराहा, आईएसबीटी और रेलवे स्टेशन, बाइपास पर वाहन चालकों को चेक करेगी। घंटाघर, दिलाराम चौक, धर्मपुरा तिराहा, प्रेमनगर, डायवर्जन और मंडी चौराहा पर फायर कर्मचारी मुस्तैद रहेंगे।
11 बजे के बाद नहीं होगी पार्टी
31 दिसंबर की रात को 11 बजे के बाद होटलों और क्लबों में पार्टियां प्रतिबंधित रहेगी। एसएसपी ने पुलिस टीम को निर्देश दिए है कि जिन होटलों में बार का लाइसेंस नहीं है, उनमें शराब का सेवन न होने पाए। शराब के ठेकों को भी एक घंटे की अतिरिक्त छूट दी गई है। 31 दिसंबर को ठेके 11 बजे तक खुले रहेंगे।
बाहर से निकाले जाएंगे मसूरी के वाहन
सहारनपुर मार्ग से मसूरी की तरफ जाने वाले वाहनों को आईएसबीटी से बाईपास से रिंग रोड होते हुए पुराने मसूरी मार्ग से निकाला जाएगा।
दून में रहेंगी 108 सेवा की एंबुलेंस तैनात
नए साल के जश्न पर होने वाली दुर्घटनाओं के मद्देनजर 108 आपातकालीन एंबुलेंस सेवा भी सतर्क रहेगी।
108 आपातकालीन सेवा के प्रदेश प्रमुख मनीष टिंकू ने बताया कि 31 दिसंबर की रात शहर की छह एंबुलेंस सर्वे चौक, बल्लुपुर चौक, सहस्त्रधारा क्रासिंग, रिस्पना पुल, आईएसबीटी और रेसकोर्स चौक में तैनात रहेंगी। इसके अलावा एक अतिरिक्त एंबुलेंस वाहन को जाखन में रखा जाएगा।
होटल और क्लब दे रहे विशेष पैकेज
नए साल के जश्न के लिए शहर के होटलों, फार्म हाउसों, काटेजों और क्लबों में सभी तैयारी हो चुकी है। इनके महंगे जश्न में शामिल होने के लिए जेब पर भी अच्छा खासा दबाव पड़ेगा। दून क्लब में कई हस्तियों के आने की भी चर्चा है।
सदस्यों के अलावा अगर कोई आता है तो पांच हजार रुपए का शुल्क अदा करना होगा। मधुबन होटल में मास्क थीम और पंजाबी थीम पर दो पार्टियां होंगी। जिसकी फीस प्रति युगल 4000 रुपए रखी गई है।
होटल के संचालक एसपी कोचर और हेमंत कोचर ने बताया कि पंजाबी थीम के लिए होटल में लॉन को पंजाब के गांव का आकार दिया गया है। सैफ्रन लीफ होटल में वैली डांस के साथ ही ड्रांस ग्रुप, डीजे के साथ की खेल के इंतजाम किए गए हैं।
रात 12 बजे आतिशबाजी का विशेष आयोजन किया गया है। प्रति युगल फीस 2500 रुपए हागी। बच्चों के लिए अलग-अलग प्रवेश शुल्क है। गढ़ी कैंट में माल रोड स्थित डीएफओआई क्लब भी नया साल का जश्न आयोजित कर रहा है। यह सेना की तरफ से आयोजित होता है।
यहां पर पास सुविधा होती है। उधर गुरुद्वारा रोड रेसकोर्स में टीम वी प्लान की ओर से फन और फायर पार्टी में बाल ड्राप, रॉक बैंड, डांस ट्रुप के साथ ही लेजर लाइट एंड साउंड से पार्टी को मजेदार बनाने की तैयारी है।
कलर्स चैनल के शो से जुड़े डांसर भी पहुंच रहे हैं। प्रति युगल फीस 2600 रुपए है। सिंगर डीएस वायरस भी प्रस्तुति देंगे। पार्टी रात साढ़े आठ बजे से 12 बजे तक तक चलेगी।
नए साल के स्वागत के लिए धनोल्टी तैयार
धनोल्टी में इको पार्क में नए साल के लिए एडवांस बुकिंग चल रही है। नए साल के जश्न के लिए इको पार्क के बैंबो हट्स और होटलों में एडवांस बुकिंग चल रही है। धनोल्टी के चारों ओर देवदार और कुनेर के वृक्षों का घना जंगल है। धनोल्टी स्थित इको पार्क में वर्ष 2013 में कुल एक लाख 2879 पर्यटक आए।
जिससे पार्क को 31 लाख 54 हजार 982 रुपये की आय हुई। इस वर्ष अभी तक पार्क में एक लाख 12 हजार 140 पर्यटकों के पहुंचने से 37 लाख 63 हजार 477 रुपये की आय हुई है। होटल कारोबार से जुड़े एमएस कठैत ने बताया कि यदि पर्यटक यहां ठहरते, तो अच्छी कमाई हो सकती थी।
कमरों के लिए पर्यटकों के फोन आ रहे हैं। गत वर्ष की अपेक्षाकृत इस वर्ष पार्क से छह लाख से अधिक की आय हुई है।
- प्रमोद बंगवाल, सह सचिव, इको पार्क धनोल्टी