मार्च में शुरू होगा हेरिटेज दून रेलवे स्टेशन को मॉडल रेलवे स्टेशन बनाने का काम
- रेलवे लैंड डेवलपमेंट अथॉरिटी और एमडीडीए के बीच पिछले वर्ष हो चुका है एमओयू
- 122 करोड़ से मॉडल बनेगा दून रेलवे स्टेशन, मुख्य सड़क की तरफ से बनेगा दूसरा प्रवेश द्वार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हेरिटेज दून रेलवे स्टेशन को मॉडल रेलवे स्टेशन बनाने का काम मार्च में शुरू होगा। 122 करोड़ रुपये से इसका कायाकल्प होगा। पिछले वर्ष रेलवे लैंड डेवलपमेंट अथॉरिटी (आरएलडीए) और मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) के बीच एमओयू साइन हो चुका है। केंद्र से रेलवे स्टेशन के री-डेवलपमेंट और ब्यूटीफिकेशन के काम को लेकर सैद्धांतिक सहमति मिल चुकी है। एक-दो दिन के भीतर लिखित पत्र एमडीडीए को मिलने की उम्मीद है। इसके बाद टेंडर होंगे।
एमडीडीए उपाध्यक्ष डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि एमडीडीए का पिछले वर्ष आरएलडीए के साथ एमओयू साइन हो चुका है। बताया कि रेलवे स्टेशन के सारे कार्य अत्याधुनिक तरीके से किए जाएंगे। इसमें होटल, फूड कोर्ट, पार्किंग, हाईटेक टिकट काउंटर, सर्विस अपार्टमेंट, डोरमेंट्री, प्लेटफार्म पर यात्री सुविधाओं के अलावा बसों के लिए पार्किंग बनाई जाएगी।
सहारनपुर चौक से घंटाघर जाने वाली मुख्य सड़क से स्टेशन का दूसरा प्रवेश द्वार का निर्माण होगा। रेलवे स्टेशन का क्षेत्रफल 70,000 वर्ग मीटर है। पहले हिस्सा में स्टेशन और उसका ट्रैक है। दूसरा हिस्सा करीब 22000 वर्गमीटर है। योजना के तहत हर्रावाला स्टेशन, आईएसबीटी और जौलीग्रांट एयरपोर्ट को भी जोड़ने की योजना है। एमडीडीए पांच साल तक इसका संचालन और मरम्मत खुद करेगा।
होटल के साथ ही बनेगा सर्विस अपार्टमेंट
रेलवे स्टेशन में एक उच्च सुविधाओं से युक्त होटल का निर्माण होगा। सर्विस अपार्टमेंट भी होंगे। इसमें वन बीएचके का फ्लैट होंगे। जो पूरी तरह से फर्नीचर से युक्त होगा। उसमें किचन के तमाम सामान भी होंगे। यात्री इस सर्विस अपार्टमेंट को ज्यादा से ज्यादा एक माह तक किराये पर ले सकेंगे।
कुछ ऐसा होगा मॉडल रेलवे स्टेशन
दून स्टेशन का भवन बहुत पुराना है। मुख्य सड़क की तरफ खाली पड़ी जमीन और राजकीय रेलवे पुलिस थाना, कार पार्किंग की जगह मल्टी कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा। इसमें भूमिगत कार पार्किंग, क्लॉक रूम, टिकट बुकिंग, पूछताछ केंद्र, सभी कार्यालय एक भवन में होंगे। मौजूदा प्रवेश द्वार के साथ अलग से नया एंट्री गेट बनेगा। इससे यात्रियों को आने-जाने की सुविधा मिलेगी। टिकट बुकिंग भवन के साथ ही मल्टी फूड प्लाजा बनेगा। जिसमें होटल, फूड प्वाइंट, हैंडीक्राफ्ट उत्पादों की दुकानें होगी।
नए प्लेटफार्म पर भी लगेगी स्वचालित सीढ़ी
यार्ड री-मॉडलिंग कार्य में दून स्टेशन पर पांचवां प्लेटफार्म बनेगा। इसमें भी यात्रियों की सुविधा के लिए स्वचालित सीढ़ी और लिफ्ट लगाई जाएगी। एयरपोर्ट की तर्ज पर स्टेशन पर सुविधाओं के लिए चिह्नीकरण किया जाएगा। इससे यात्रियों को विश्राम गृह, टॉयलेट, टिकट बुकिंग, पूछताछ, पार्किंग आदि सुविधाओं का आसानी से पता लग सकेगा।
मार्च अंत तक राजधानी के रेलवे स्टेशन को मॉडल स्टेशन बनाने का काम शुरू हो जाएगा। सरकार से इसकी स्वीकृति मिल चुकी है। फरवरी में टेंडर कराया जाएगा। प्रोजेक्ट पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मोड के तहत बनाया जाएगा।
-डॉ. आशीष श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष एमडीडीए
दून स्टेशन पर तैनात रेलकर्मियों की वापसी कल से
दून रेलवे स्टेशन पर बुधवार से रेलकर्मियों की वापसी होगी। स्टेशन पर री-माडलिंग का काम पूरा होने व ट्रेनों के संचालन शुरू होने के चलते डेढ़ माह बाद अब रेलकर्मियोें को वापस बुलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक बुधवार से पार्सल, बुकिंग के साथ ही चेकिंग स्टाफ की वापसी शुरू हो जाएगी। ट्रेनें आठ फरवरी से संचालित की जाएंगी।
रेलवे स्टेशन पर नए प्लेटफार्र्मों के निर्माण के साथ ही रेलवे ब्रिज समेत री-मॉडलिंग के कई कार्य कराए जा रहे हैं। ज्यादातर निर्माण कार्यों को काम लगभग पूरा कर लिया गया है और ट्रेनों का संचालन आठ फरवरी से किया जाना है, लेकिन री-मॉडलिंग कार्यों के चलते रेल प्रशासन ने स्टेशन पर तैनात पार्सल, बुकिंग व चेकिंग स्टाफ के अलावा संचालन से जुड़े तमाम कर्मचारियों की ड्यूटी मुरादाबाद मंडल के कई स्टेशनों पर लगा दी थी।
अब जबकि ट्रेनों का संचालन आठ फरवरी से शुरू होना है तो ऐसे में अब अन्य स्टेशनों पर भेजे गए कर्मचारियों को बुलाया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक बुधवार से कर्मचारियों की वापसी शुरू हो जाएगी और अगले दो दिन के भीतर तमाम कर्मचारी वापस बुला लिए जाएंगे।
दूसरी ओर स्टेशन निदेशक गणेश चंद के मुताबिक आठ फरवरी से नंदा देवी, शताब्दी व लाहौरी जैसी ट्रेनों का संचालन शुरू किया जाएगा, जबकि बाकी ट्रेनें 10 फरवरी तक शुरू कर दी जाएंगी। ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को आवाजाही में आसानी हो जाएगी।