हरिद्वार : पार्किंग कर्मियों ने कांवड़ियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा, तोड़े कार के शीशे, मची अफरा-तफरी
- पार्किंग में गलती से घुसने पर हुआ था विवाद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंतद्वीप पार्किंग कर्मियों ने पर्ची को लेकर हुए विवाद में आधा दर्जन कांवड़ियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीट दिया। इतना ही नहीं पार्किंग कर्मियों ने कांवड़ियों की एक कार के शीशे तक तोड़ डाले। घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गयी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पार्किग कर्मी फरार होने में कामयाब रहे।
पुलिस कांवड़ियों को लेकर चौकी पहुंची। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों में समझौते के प्रयास शुरू हो गये हैं। जानकारी के अनुसार मंगलवार की शाम को होण्डा अमेज और स्वीफ्ट कार सवार बिजनौर यूपी के आधे दर्जन कांवड़ियों को खड़खड़ी जाना था, लेकिन गलती से वह पंतद्वीप पार्किंग में जा घुसे।
लेकिन जब उनको रास्ता गलत होने की जानकारी लगी तो वह पार्किंग से बाहर निकलने का प्रयास करने लगे। तब वहां मौजूद पार्किंग कर्मियों ने दोनों कार सवारों की पार्किंग पर्ची मांगी। बताया जा रहा है कि कार सवार कांवड़ियों ने पूरी बात की जानकारी देते हुए गलती से पार्किंग में प्रवेश करने की बात कही।
कार का अगला व पिछला शीशा तोड़ दिया
आरोप है कि कर्मी पार्किंग पर्ची मांगने पर अडे़ रहे। जिसे लेकर दोनों पक्षों के विवाद हो गया और विवाद इस कदर बढ़ा कि दोनों पक्षों में जमकर मारपीट शुरू हो गयी। घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गयी। आरोप है कि पार्किंग कर्मियों ने कांवड़ियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा और होण्डा अमेज कार का अगला व पिछला शीशा तोड़ दिया।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पार्किंग कर्मी मौके से फरार होने में कामयाब रहे। पुलिस आधा दर्जन कांवड़ियों पुष्पेंद्र, जोगेंद्र, सोनू, शेर सिंह, संदीप कुमार और हरवीर सभी निवासी शिवाला कला चांदपुर बिजनौर यूपी को चौकी ले आयी। बताया जा रहा है कि कांवड़ियें घटना की शिकायत करना नहीं चाह रहे हैं। लेकिन अपने नुकसान की भरपाई दिलाने की बात कह रहे हैं। खबर लिखे जाने तक दोनों पक्षों में समझौते के प्रयास किए जाते रहे हैं।
रोड़ीबेलवाला चौकी प्रभारी पवन डिमरी के अनुसार पार्किंग पर्ची को लेकर कांवड़ियों और कर्मियों के बीच विवाद हो गया। जिसे लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हो गयी। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पार्किंग कर्मी फरार हो गये। कांवड़ियों की एक कार का अगला व पिछला शीशा टूट गया है।