{"_id":"6148a07906bed649df35e21f","slug":"haridwar-news-thief-tried-to-loot-in-bank-near-kotwali","type":"story","status":"publish","title_hn":"हरिद्वार: कोतवाली से करीब 200 मीटर दूर ग्रिल काटकर बैंक में घुसे चोर, नहीं तोड़ पाए लॉकर ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हरिद्वार: कोतवाली से करीब 200 मीटर दूर ग्रिल काटकर बैंक में घुसे चोर, नहीं तोड़ पाए लॉकर
Mon, 20 Sep 2021 08:31 PM IST
अलका त्यागी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हरिद्वार
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हरिद्वार
Published by: अलका त्यागी
Updated Mon, 20 Sep 2021 08:31 PM IST
सार
रविवार की रात को बदमाश बैंक की शाखा के पीछे लगी खिड़की की ग्रिल काटकर बैंक में घुस गए। बदमाशों ने बैंक के अंदर लॉकर खोलने की कोशिश की।
विज्ञापन
लूट
- फोटो : प्रतीकात्मक तस्वीर
विस्तार
हरिद्वार के ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद हैं। सरेआम चेन स्नेचिंग से लेकर लूटपाट की घटनाओं के बाद बदमाश अब बैंक को निशाना बना रहे हैं। चोरों ने बैंक आफ बडौदा के पीछे लगी खिड़की की ग्रिल काटकर शाखा में घुसकर लॉकर खोलने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हुए। अपनी पहचान छिपाने के लिए चोर सीसीटीवी की डीवीआर तक ले गए। पुलिस ने शाखा प्रबंधक की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के मुख्य मार्ग पर कोतवाली से करीब 200 मीटर की दूरी पर बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा है। रविवार की रात को बदमाश बैंक की शाखा के पीछे लगी खिड़की की ग्रिल काटकर बैंक में घुस गए। बदमाशों ने बैंक के अंदर लॉकर खोलने की कोशिश की। बदमाश लॉकर खोलने में सफल नहीं हो सके। बैंक से निकलते वक्त बदमाश सीसीटीवी की डीवीआर साथ ले गए। सोमवार की सुबह बैंक के कर्मचारी बैंक पहुंचे तो उन्हें सामान उल्टा-सीधा पड़ा मिला। देखा तो खिड़की की ग्रिल कटी थी। इसके बाद शाखा के प्रबंधक सौरभ चौहान को सूचना दी।
विज्ञापन
सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पड़ताल कर फिंगर प्रिंट लिए। कोतवाल चंद्र चंद्राकर नैथानी ने बताया कि शाखा प्रबंधक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। बैंक के आसपास लगे सीसी कैमरों में चोरों की फुटेज चेक की जा रही है। पुलिस अधीक्षक नगर कमलेश उपाध्याय का कहना है कि चोरों की तलाश में पुलिस की टीम जुट गई है।
विज्ञापन
पुलिस की चौकसी पर सवाल
बढ़ती आपराधिक घटनाओं से आम लोगों में दहशत बनी है। बैंक में सेंधमारी की घटना से हर कोई दंग है। बदमाशों ने पुलिस की नाक के नीचे बैंक को निशाना बनाया। इससे पुलिस की चौकसी पर भी सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि अभी तक सड़कों पर लूटपाट करते थे, लेकिन अब बैंक तक पहुंचकर पुलिस को खुली चुनौती दे दी है।