हरिद्वार: लूट के बाद दोस्त ने की व्यापारी के बेटे की हत्या, गंगा सभा के अतिथि गृह में मिला शव
- गंगा सभा के बंद अतिथि गृह में मिला 18 सितंबर से लापता युवक का शव
- पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्याकांड का किया खुलासा, मुकदमा दर्ज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरिद्वार में 18 सितंबर से लापता चल रहे व्यापारी के बेटे की दोस्त ने ही लूट के बाद ईंट से सिर कुचलकर हत्या कर दी। शुक्रवार को गंगा सभा के बंद पड़े अतिथि गृह में शव मिलने के बाद पहचान हुई तो पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा कर आरोपी दोस्त को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि कोरोना जांच कराने के बाद उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।
पुलिस के अनुसार, पद्म अग्रवाल निवासी शंकर गिरी की हरकी पैड़ी पर माला कंठी की दुकान है। 18 सितंबर को उनके बेटे विपिन अग्रवाल (36) रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गए थे। काफी तलाश पर भी पता नहीं चला तो पिता ने नगर कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
तभी से पुलिस विपिन की तलाश कर रही थी। शुक्रवार को गंगा सभा के बंद पड़े अतिथि गृह में युवक का सड़ा गला शव पड़े होने की सूचना मिली। पुलिस ने पद्म अग्रवाल को बुलाकर शिनाख्त करवाई। उन्होंने बेटे के शव की शिनाख्त की। परिजनों ने बताया कि विपिन अंतिम बार ब्रह्मपुरी निवासी दोस्त के साथ देखा गया था।
दोस्त ने ईंट से कुचलकर हत्या करने की बात स्वीकारी
पुलिस ने संदेह के आधार पर विपिन के दोस्त कमल ठाकुर को रोडवेज वर्कशॉप के पास से हिरासत में ले लिया। सख्ती से पूछताछ में उसने विपिन की ईंट से कुचलकर हत्या करने की बात स्वीकार ली।
उसने बताया कि अंगूठियां, मोबाइल और पैसे के लालच में आकर वह विपिन को गंगा सभा के बंद पड़े अतिथि गृह में ले गया। यहां उसने उसे शराब पिलाई। जब विपिन को नशा हो गया तो आरोपी ने उसके सिर पर ईंट से हमला किया और फिर गला दबाकर हत्या कर दी।
आरोपी अंगूठी, मोबाइल और पर्स लेकर फरार हो गया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने सारा सामान अपने पुश्तैनी मकान में छिपा दिया था। पुलिस ने आरोपी के निशानदेही पर सभी सामान बरामद कर लिया। नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि आरोपी कमल ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया है।