खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई: भ्रामक दावों वाले खाद्य तेल का मामला, अभिनेत्री अर्चना पूरन सिंह को नोटिस
फ्रीट लाइट गोल्ड मल्टी सोर्स एडिबल ऑयल के लेबल पर एक्ट्रेस अर्चना पूरन सिंह की ओर से अपने फोटो के साथ टैगलाइन खाना बनाओ, स्वाद पाओ के साथ तेल का प्रचार-प्रसार किया गया है।
विस्तार
खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से भ्रामक विज्ञापनों एवं खाद्य उत्पादों पर किए जा रहे गलत दावों पर दो कंपनियों और फिल्म अभिनेत्री अर्चना पूरण सिंह को नोटिस जारी किया है। चेतावनी दी है कि यदि संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो कार्रवाई की जाएगी।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन ने फ्रीट लाइट गोल्ड मल्टी सोर्स एडिबल ऑयल के लेबल पर ग्राहकों के लिए प्रदर्शित की गई लेबल सूचनाओं में अनियमितताएं, खाद्य उत्पाद इंडोर्समेंट और ई-कॉमर्स प्लेटफार्म अमेजन पर गलत जानकारियां देने पर निर्माता कंपनी, ई-कॉमर्स अमेजन और एक्ट्रेस अर्चना पूरन सिंह को नोटिस भेजा है।
उत्तराखंड: दिवाली के पहले दीयों से जगमगाएगा लखपति दीदियों का घर; सोशल मीडिया पर सेल्फी डालेंगी महिलाएं
लेबल पर एक्ट्रेस अर्चना पूरन सिंह की ओर से अपने फोटो के साथ टैगलाइन खाना बनाओ, स्वाद पाओ के साथ तेल का प्रचार-प्रसार किया गया है। जांच में पाया गया कि निर्माता कंपनी नई दिल्ली से फूड फोर्टिफाइड लोगो का सर्टिफिकेशन कराए बिना ही लोगों को भ्रमित कर रही थी।
अर्चना पूरन सिंह से नोटिस के माध्यम से खाद्य उत्पाद के विज्ञापन एवं इंडोर्समेंट करने के लिए किए गए एग्रीमेंट की कॉपी, सहमति पत्र की कॉपी प्रस्तुत करने और खाद्य उत्पाद के विज्ञापन एवं इंडोर्समेंट से सम्बन्धित जानकारियां, किए गये क्लेम का स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के लिए निर्देशित किया गया है।