आईआईटी रुड़की के छात्र की फेसबुक आईडी हैक, दोस्तों और परिजनों को भेजे अश्लील व धमकी भरे मैसेज
हैकर ने आईआईटी रुड़की में एमटेक के छात्र की फेसबुक आईडी हैक कर डाटा चोरी करने के साथ ही छात्र के फेसबुक एकाउंट से जुड़े परिवार वालों और दोस्तों को अश्लील मैसेज भेज दिए। इतना ही नहीं हैकर ने उसे कॉल कर ब्लैकमेल करने का भी प्रयास किया।
छात्र ने इस संबंध में कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस केस दर्ज कर मामले को साइबर सेल देहरादून भेजने की तैयारी में है। पुलिस के अनुसार, किशन आईआईटी में एमटेक द्वितीय वर्ष के छात्र हैं। वह आईआईटी के कोटला भवन में रहते हैं।
पिछले साल नवंबर में हैकर ने किशन का फेसबुक एकाउंट हैक कर लिया था। इसके बाद हैकर ने फेसबुक एकाउंट से छात्र का मोबाइल नंबर समेत पूरा डेटा चोरी कर लिया। साथ ही छात्र को कॉल और मैसेज कर ब्लैकमेल करने का भी प्रयास किया।
परिजनों और रिश्तेदारों को अश्लील व धमकी भरे मैसेज भेजे
छात्र ने उसकी बात नहीं मानी तो हैकर ने फेसबुक एकाउंट से जुड़े परिजनों और रिश्तेदारों को अश्लील व धमकी भरे मैसेज भेजने शुरू कर दिए। इसकी जानकारी परिजनों और दोस्तों ने छात्र को दी। छात्र ने सबको बताया कि उनका फेसबुक एकाउंट किसी ने हैक कर लिया है।
इस बीच छात्र को पता चला कि हैकर ने एक लड़की के नाम से फर्जी आईडी भी बनाई थी। छात्र ने इस संबंध में सिविल लाइंस कोतवाली में तहरीर दी। साथ ही हैकर पर मानसिक उत्पीड़न, धमकी देने और फेसबुक एकाउंट का गलत उपयोग करने का आरोप लगाया।
कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले को जांच के लिए साइबर सेल देहरादून भेजा जाएगा।