गुरेज सेक्टर में शहीद बहादुर बेटों की अंतिम यात्रा में हर आंख भर आई, हुआ अंतिम संस्कार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जम्मू कश्मीर के गुरेज सेक्टर में आतंकवादियों से लोहा लेते हुए शहीद हुए राइफलमैन मनदीप रावत और हमीर सिंह पोखरियाल की अंतिम यात्रा में पहुंचा हर देशभक्त गमगीन नजर आया।
गुरुवार की सुबह कोटद्वार में शहीद राइफलमैन मनदीप रावत और ऋषिकेश में हमीर सिंह पोखरियाल की अंतिम यात्रा में भारत माता की जय, वीर जवान अमर रहे के नारे लगते रहे। भारी संख्या में लोग इन शहीदों की अंतिम यात्रा में पहुंचे।
शहीद हमीर सिंह पोखरियाल का अंतिम संस्कार ऋषिकेश के पूर्णानंद घाट में किया गया। शहीद राइफलमैन मनदीप रावत का अंतिम संस्कार कोटद्वार के मुक्तिधाम में किया गया। इस दौरान दोनों शहीदों की अंतिम यात्रा में हजारों लोग मौजूद रहे।
बुधवार की शाम को पहुंचे थे दोनों के पार्थिव शरीर
जम्मू कश्मीर के बांदीपुरा गुरेज सेक्टर में आतंकियों के साथ मुठभेड़ में शहीद हुए उत्तरकाशी के लाल राइफलमैन हमीर सिंह पोखरियाल की अंत्येष्टि उत्तरकाशी के बजाय ऋषिकेश में हुई।
अमरनाथ यात्रा में तैनात एसएसबी के सूबेदार जयेंद्र सिंह पोखरियाल ने गुमानीवाला ऋषिकेश स्थित अपने घर पहुंचकर शहीद की पत्नी की स्थिति को देखकर यह निर्णय लिया। शहीद का पार्थिव शरीर बुधवार को ऋषिकेश पहुंचा। शहीद के पैतृक गांव पोखरियालगांव से वृद्ध दादा-दादी, चाचा-चाची सहित सभी परिजन अपने बहादुर लाडले के अंतिम दर्शन के लिए गुमानीवाला ऋषिकेश पहुंचे।
बांदीपुरा गरेज सेक्टर में ही शहीद हुए 36वीं राष्ट्रीय राइफल्स में तैनात कोटद्वार के शिवपुर गांव निवासी राइफलमैन शहीद मनदीप सिंह रावत का पार्थिव शरीर भी बुधवार शाम को हेलीकॉप्टर से कोटद्वार पहुंचा। सेना और पुलिस की सुरक्षा में शहीद के पार्थिव शरीर को राजकीय बेस अस्पताल में रखा गया। बृहस्पतिवार को सैन्य सम्मान के साथ शहीद का अंतिम संस्कार किया गया। शहीद की अंतिम यात्रा के दौरान कोटद्वार बाजार बंद रहा।