उत्तराखंड: छियालेख में बर्फीला तूफान, 2 जवान शहीद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भारी बारिश और बर्फबारी के बाद उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में छियालेख स्थित सेना की अग्रिम पोस्ट के पास सोमवार की रात ग्लेशियर टूटने के बाद हुए हिमस्खलन में दबकर कुमाऊं स्काउट के दो जवान शहीद हो गए। एक जवान लापता है, जबकि पांच घायल हो गए हैं।
मौसम की खराबी के चलते सेना के हेलीकॉप्टरों ने रेस्क्यू ऑपरेशन में कामयाबी नहीं मिली। बुधवार को फिर से रेस्क्यू ऑपरेशन चलेगा। अभी शहीदों के शव मौके पर पड़े हैं। घायल भी छियालेख में ही हैं।
इसके अलावा वर्षाजनित घटनाओं में पांच अन्य लोगों की जान चली गई। धारचूला से कुमाऊं स्काउट के 22 जवानों की टीम और पास ही स्थित असम राइफल्स के जवानों की टीम मौके को रवाना हो गई है। 3350 मीटर ऊंचाई पर स्थित छियालेख में इस समय पांच मीटर से ज्यादा बर्फ है।
बैरक के अंदर फंस गए कई सैनिक
सेना की ओर से मिली सूचना के अनुसार सोमवार की रात करीब 8.30 बजे छियालेख के पास स्थित चौंफू ग्लेशियर खिसकना शुरू हुआ। इसके साथ आए बर्फीले तूफान से छियालेख में सेना की एक बैरक ध्वस्त हो गई। तूफान करीब एक घंटे तक चला।
बैरक में रहने वाले कुछ जवानों ने तो किसी तरह जान बचा ली लेकिन पिथौरागढ़ तहसील अंतर्गत आठगांव शिलिंग के बुंगा गांव निवासी संतोष चंद और मुनस्यारी तहसील के डोलमा वल्थी निवासी प्रदीप सिंह उर्फ पुष्कर सिंह वर्ती की मौत हो गई।
हरियाणा निवासी साहिब सिंह नाम का एक फौजी लापता है। घायल सैनिकों में हवलदार गोपाल सिंह निवासी अल्मोड़ा, सिपाही संजय सिंह निवासी अल्मोड़ा हाल निवासी ऊधमसिंहनगर, लांस नायक नरेंद्र सिंह ग्राम बस्ती पोस्ट सुंगर कपकोट (बागेश्वर) और नर्सिंग असिस्टेंट राम सिंह निवासी हास्पिटल रोड जोशीमठ (चमोली) हैं।