छत पर कपड़े लेने गई 17 साल की लड़की और हाथ में आ गई कटी हुई चोटी, अस्पताल में भर्ती
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चोटी कटने के मामले थम नहीं रहे हैं। ग्राम पंचायत काशीरामपुर मल्ला के रामनगर कौड़िया में एक 17 साल की लड़की की चोटी तब कट गई जब वह छत पर कपड़े लेने गई। इसके बाद से वह सदमे में है।
एक छात्रा की चोटी कटने का मामला प्रकाश में आया है। चोटी कटने के बाद से छात्रा बेहोश है। उसे राजकीय संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। कोटद्वार में चोटी काटने की पहली घटना से क्षेत्र की महिलाओं में दहशत है।
ग्राम पंचायत के समाजसेवी शशिकांत ने बताया कि रामनगर कौड़िया निवासी महेंद्र कुमार ठेली लगाने का काम करता है। उसकी 17 वर्षीय पुत्री प्रिया आर्य कन्या इंटर कालेज में 12वीं की छात्रा है।
प्रिया दिन के तीन बजे छत में सूखे हुए कपड़े लाने के लिए गई थी। वह जैसे ही छत से कपड़े लेकर अपने कमरे में पहुंची तो उसने रबर बैंड सहित कटी हुई चुटिया जमीन पर गिरी हुई देखी।
कटी हुई चुटिया को देखकर उनके होश उड़ गए
अपनी चुटिया को कटा हुआ देखते ही वह जमीन पर गिर गई और छटपटाने लगी। बेटी को जमीन पर गिरे और छटपटाते देख बाहर बैठे परिजन कमरे के अंदर पहुंचे। इससे पहले वह उससे कुछ पूछते, वह बेहोश हो गई।
उन्होंने प्रिया को उठाने का प्रयास किया, इतने में उनकी नजर बेटी की कटी हुई चुटिया पर पड़ गई। कटी हुई चुटिया को देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने इसकी सूचना पड़ोसियों को दी।
देखते ही देखते पूरे क्षेत्र में चोटी काटने की खबर पहुंच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी प्रकार लोगों को वहां से हटाया और प्रिया के परिजनों से घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस ने 108 की मदद से प्रिया को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया।
डाक्टरों ने प्रिया की जांच करने के बाद उसकी हालत को सामान्य बताया। उधर, एसआई विनोद कुमार ने बताया कि उन्होंने मौके पर जाकर मामले की जानकारी ली है। फिलहाल इस मामले में कुछ कहा नहीं जा सकता। परिजनों की ओर से अभी तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर इस पर कार्रवाई की जाएगी।