गंगोत्री नेशनल पार्क के गेट शीतकाल के लिए बंद, इस साल पहुंचे रिकॉर्ड पर्यटक
- पार्क में इस वर्ष पहुंचे रिकॉर्ड 19 हजार से अधिक पर्यटक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गंगोत्री नेशनल पार्क के गेट शनिवार को शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। पार्क के गेट अगले वर्ष एक अप्रैल को दोबारा खोले जाएंगे। वहीं इस वर्ष पार्क क्षेत्र में पहुंचे पर्यटकों की संख्या ने बीते एक दशक के सभी रिकार्ड तोड़ दिए हैं। पार्क क्षेत्र में इस बार कुल 19 हजार 23 पर्यटक पहुंचे। पर्यटकों के पहुंचने से पार्क प्रशासन को इस बार करीब 40 लाख रुपये से अधिक राजस्व भी प्राप्त हुआ।
गंगोत्री नेशनल पार्क यहां मौजूद दुर्लभ वन्यजीवों व वनस्पतियों, उच्च हिमशिखरों व गोमुख (गंगोत्री) ग्लेशियर के लिए प्रसिद्ध है। पार्क प्रशासन के अनुसार वर्ष 2010 में 12 हजार 626, वर्ष 2011 में 15 हजार 367 व वर्ष 2012 में 16 हजार 386 पर्यटक पार्क में पहुंचे थे। वर्ष 2013 में आपदा के कारण वर्ष 2013- 14 में पर्यटकों की संख्या में भारी गिरावट आई।
41 लाख से अधिक राजस्व
हालांकि हालात बेहतर होते ही वर्ष 2015 में 14 हजार 98, वर्ष 2016 में 12 हजार 643, वर्ष 2017 में 16 हजार 881 व वर्ष 2018 में 17 हजार 108 पर्यटक यहां पहुंचे। इस वर्ष अप्रैल में गेट खुलने के बाद से अब तक 984 विदेशियों सहित कुल 19 हजार 23 पर्यटक यहां पहुंचे।
गंगोत्री नेशनल पार्क के गेट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए हैं। बेहतर तैयारियों व व्यवस्थाओं के चलते पार्क में इस वर्ष रिकॉर्ड संख्या में पर्यटक पहुंचे और उनसे पार्क प्रशासन को 41 लाख से अधिक राजस्व प्राप्त हुआ। पार्क प्रशासन द्वारा वन संपदा के संरक्षण व पर्यटकों की सुविधा के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
- नंदा वल्लभ शर्मा, उप निदेशक, गंगोत्री नेशनल पार्क