{"_id":"24e761423a19e639fa240bd07e6a0f74","slug":"ganesh-chaturthi-bash-in-dehradun-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"दून के पंडालों में गूंजा गणपति बप्पा मोरिया","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
दून के पंडालों में गूंजा गणपति बप्पा मोरिया
ब्यूरो / अमर उजाला, देहरादून
Updated Fri, 29 Aug 2014 09:40 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देहरादून में गणपति पंडाल सज चुके हैं और बप्पा आगमन की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।
विज्ञापन
तकरीबन हर पंडाल में बदलाव कर उन्हें बेहद आकर्षक बनाने की कोशिश की गई है। कहीं मूर्ति ऊंची की गई है तो कहीं पंडाल का एरिया और वृहद कर दिया गया है। रंग-गुलाल और आतिशबाजी के अलावा लाइटिंग के नजारे देखने लायक रहेंगे।
गुरुवार को शहर के पंडालों की भव्यता देखते ही बन रही थी। शुक्रवार सुबह शोभायात्राओं के साथ शहर के पंडालों में गणपति विराजेंगे, जिसके बाद आठ सितंबर को उनका विसर्जन होगा। इस दौरान 11 दिनों तक पंडालों संग घरों में गणपति की स्थापना कर पूजा-अर्चना की जाएगी।
विज्ञापन
पंडाल पर सजाए 200 गणपति
डांडीपुर-मन्नुगंज गणपति युवा सेवा समिति की ओर से सजाया पंडाल इस बार गणपतिमय है। पहली बार पूरे पंडाल पर छोटे-छोटे 200 गणपति सजाए गए हैं। इस बार बप्पा की मूर्ति की ऊंचाई दो फुट और बढ़ाकर आठ फुट कर दी गई है।
विज्ञापन
आधे पलटन बाजार में लाइटिंग
मोती बाजार युवा सेवा समिति ने भव्य पंडाल के साथ बाजारों में विशेष सजावट कराई है। गणपति उत्सव के मौके पर आधे पलटन बाजार को बेहतरीन ढंग से सजाया गया है। इसमें गुब्बारों की सजावट, फूलों की होली विशेष आकर्षण रहेगी।
दस फुट की प्रतिमा
श्री गणेश महोत्सव सेवा समिति, क्लमेंटटाउन की ओर से इस बार 10 फुट की गणपति प्रतिमा तैयार की गई है। यह प्रतिमा खासतौर पर कोलकाता के कलाकार बंकिम पाल ने तैयार की है। यहां पंडाल की क्षमता भी दोगुनी की गई है।
इसी तरह गणेश उत्सव समिति पटेलनगर ने साढ़े सात फुट की गणपति प्रतिमा हरिद्वार से मंगाई है। शुक्रवार को 11 ब्राह्मणों के पूजन के बाद इसकी स्थापना होगी।
मुंबई से पधारे बप्पा
श्री गणेश उत्सव एवं सामाजिक सेवा समिति सर्राफा बाजार की ओर से मुंबई से बप्पा की साढ़े पांच फुट की प्रतिमा लाई गई है। विसर्जन वाले दिन भी मुंबई से बैंड बुलाया गया है। स्वर्णकार संघ जिलाध्यक्ष पंकज मैसोन ने बताया कि संघ हर बार यहां कार्यक्रम में सहयोग करता है।
ये है शुभ मुहूर्त
सिंह लग्न में शुक्रवार सुबह 5:08 बजे से सुबह 7:22 बजे तक
वृश्चिक लग्न में शुक्रवार दोपहर 12 से दोपहर 2:20 बजे तक
इस समय न करें स्थापना
सुबह 10.30 से 12 बजे तक राहुकाल में न करें गणपति स्थापना
इकोफ्रेंडली गजानन भी
इस बार शहर में सभी जगह बप्पा की इकोफ्रेंडली प्रतिमा बनाने पर जोर है। मिट्टी, बांस और पुराली से बनाई प्रतिमाएं ही पंडालों में लाई जा रही हैं, ताकि विसर्जन पर मूर्ति आसानी से पानी में घुल सके।
यहां से निकलेंगी शोभायात्राएं
- मोती बाजार युवा सेवा समिति की ओर से दिलाराम चौक से नौ बजे बैंड-बाजे के साथ शोभायात्रा निकाली जाएगी।
- डांडीपुर- मन्नुगंज गणपति युवा सेवा समिति सुबह दस बजे कालूराम धर्मशाला से शोभायात्रा निकालेगी। जो करीब एक बजे पंडाल पहुंचेगी।
- श्री गणेश महोत्सव सेवा समिति क्लेमेंटटाउन सुबह नौ बजे रघुनाथ मंदिर से शोभायात्रा शुरू करेगी, जो 11 बजे पंडाल पर खत्म होगी।
- गणेश उत्सव समिति, पटेलनगर सुबह 11 बजे शिवाजी धर्मशाला से शोभायात्रा निकालेगी, जो एक बजे पंडाल पर खत्म होगी।
- गणेश मंडल सेवा संस्थान समिति, दीपनगर की ओर से सुबह 11 बजे से पांच बजे तक शोभायात्रा निकाली जाएगी।