G-20 Summit Ramnagar: 350 स्पॉट पर जमीन से आसमान तक होगी निगहबानी, 1500 पुलिसकर्मी और एंटी सबोटाज टीम तैनात
G-20 Summit In Ramnagar Update: रामनगर में मंगलवार को होने वाले जी-20 सम्मेलन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।सुरक्षा को लेकर बम निरोधक दस्ता भी पूरे रूट का अब तक चार बार निरीक्षण कर चुका है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तराखंड के रामनगर में मंगलवार को जी-20 सम्मेलन के तहत पंतनगर एयरपोर्ट से गड़प्पू के बीच 350 स्थानों पर 1500 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। रूट पर लगे 34 सीसीटीवी की निगरानी सीधे पुलिस कंट्रोल रूम से की जा रही है। होटल और एयरपोर्ट से लगे ऊंचे स्थानों पर भी पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है, जो फलक से जमीन तक की निगरानी करेंगे। होटल और एयरपोर्ट की एक घंटे के अंतराल में चेकिंग होगी। इसके लिए पुलिस ने समय भी निर्धारित किया है।
Uttarakhand: खालिस्तानी आतंकवादी ने मुख्यमंत्री धामी को कॉल पर दी धमकी, पुलिस की बढ़ी टेंशन- जानिए क्या बोला
बम निरोधक दस्ता भी पूरे रूट का अब तक चार बार निरीक्षण कर चुका है। 60 किलोमीटर के रूट पर हर आधा किलोमीटर के बाद पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं। हर स्थान पर एक एसआई के साथ दो-दो सिपाहियों की तैनाती है। जिले से सटे यूपी के क्षेत्रों में वहां की पुलिस निगरानी करेगी। जिले में पुलिस अधिकारियों ने डेरा डाल दिया है, जो सुरक्षा के हर बिंदु का पूरी तरह से निरीक्षण कर रहे हैं।
विदेशी मेहमानों के लिए खासतौर पर दिल्ली से आठ डीलक्स बस मंगाई गईं हैं। ये बस पंतनगर एयरपोर्ट से मेहमानों को बैठाकर रामनगर के लिए रवाना होंगी। बस में सुरक्षा सामग्री के अलावा एसी लगे हुए हैं। एआरटीओ बिपिन कुमार ने बताया कि सभी बस 15 से 20 सीटर हैं।
फ्लीट में डीलक्स बस को शामिल कर किया पूर्वाभ्यास
विदेशी मेहमानों की सुरक्षा के लिए तीन फ्लीट बनाई गईं हैं। इनमें भारी पुलिस बल के साथ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी शामिल हैं। मंगलवार को मेहमानों के यातायात में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सोमवार को फिर से पुलिस और प्रशासन की टीम ने पंतनगर एयरपोर्ट से गड़प्पू बैरियर तक डीलक्स बस और तीन फ्लीट के साथ पूर्वाभ्यास किया। इसके तहत रूट के अनुसार फ्लीट को पहले पंतनगर एयरपोर्ट से नैनीताल रोड स्थित एक होटल में लाया गया। वहां कुछ देर रुकने के बाद उन्हें रामनगर के लिए रवाना किया गया। इस दौरान जो खामियां पाईं गई, उन्हें सुधारने का निर्देश दिया गया।
ड्रोन से की जा रही निगरानी, पुलिस लाइन में उतरा हेलिकॉप्टर
सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन की एक टीम ड्रोन से भी पूरे रूट की निगरानी कर रही है। ड्रोन को एक वाहन में रखा गया है और रूट के थोड़े-थोड़े अंतराल में उसे उड़ा कर आसपास के क्षेत्रों का जायजा लिया जा रहा है। इमरजेंसी के लिए पुलिस लाइन में एक हेलिकॉप्टर को उतार गया है। एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि यदि कोई भी आपातकालीन स्थिति होती है तो इस हेलिकॉप्टर का प्रयोग किया जा सकता है। इसी कारण उसे पहले से बैकअप में रखा गया है।
विध्वंस विरोधी दस्ता तैनात
वीवीआईपी गतिविधि के कारण पुलिस ने विध्वंस विरोधी दस्ता (एंटी सैबोटेज) तैनात किया है। ये दस्ता हथियार के जरिये हमला, एक्सप्लोसिव, हवाई, केमिकल, रेडियो एक्टिव सहित संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले हमलों से रोकथाम करते हैं। इसके लिए टीम को नॉन लीनियर जंक्शन डिटेक्टर (एनएलजेडी), डीप सर्च माइन स्वीपर (डीएसएमडी), गामा रे बस्टर, एक्स्प्लोसिव डिटेक्टर जैसे उपकरणों से लैस किया गया है।